IPL 2026 का आगाज होने में अब 10 दिन से भी कम समय बचा है और अभी से ही टीमों को झटका लगना शुरू हो गया है। एक के बाद एक खिलाड़ियों के बाहर होने की खबरें सामने आ रही हैं। सबसे पहले खबर आई कि चेन्नई के धाकड़ तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के स्टार ऑलराउंडर सैम करन पर चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा। कुछ घंटे बाद पंजाब किंग्स के लिए भी बुरी खबर आई। पता चला कि टीम के स्टार तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। अब एक और खिलाड़ी के बाहर होने की खबर ने क्रिकेट फैंस को टेंशन में डाल दिया है।
ऑस्ट्रेलियन ऑलराउंडर बाहर
दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद को बड़ा झटका लगा है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के इस खिलाड़ी ने भले ही इंटरनेशनल स्तर पर सिर्फ एक T20 मैच खेला हो, लेकिन उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर हेड कोच डेनियल विटोरी और कप्तान पैट कमिंस ने उन्हें 3 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया था। जैक एडवर्ड्स ने अपने करियर में 77 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 853 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 121.50 रहा है। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी 52 विकेट हासिल किए हैं, और उनका इकॉनमी रेट 8.32 रहा है।
SRH कैंप में बढ़ी चिंता
एडवर्ड्स के बाहर होने के साथ ही हैदराबाद की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। वह इस सीजन में चोटिल होने वाले टीम के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। कप्तान पैट कमिंस भी पीठ की चोट से जूझ रहे हैं और शुरुआती कुछ मैचों से बाहर रहेंगे। कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी ईशान किशन के हाथों में होगी, जबकि अभिषेक शर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। जैक एडवर्ड्स का बाहर होना सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बड़ा नुकसान है, खासकर तब जब टीम पहले ही कप्तान की चोट से जूझ रही है। अब देखना होगा कि SRH इन चुनौतियों से कैसे उबरती है और IPL 2026 में कैसी शुरुआत करती है।
यह भी पढ़ें
अर्जुन तेंदुलकर ने पापा सचिन के बल्ले को लेकर खोला राज, सुनकर हैरान रह गए ऋषभ पंत; देखें VIDEO
विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच इस दिन होगी भिड़ंत, टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल आया सामने