Virat Kohli: साल 2026 का आगाज होते ही विराट कोहली के इंटरनेशनल मैच के लिए मैदान में उतरने की उलटी गिनती शुरू हो गई है। वैसे तो कोहली के बारे में चर्चा है कि वे विजय हजारे ट्रॉफी का एक और मैच खेलने उतरेंगे, लेकिन इंटरनेशनल मैच के लिए 11 तारीख तक का इंतजार करना होगा। कोहली इसी दिन भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज के पहले मैच में खेलेंगे। उम्मीद है कि इसी जनवरी में वे सचिन तेंदुलकर का एक और कीर्तिमान ध्वस्त कर देंगे, जिसके वे बेहद करीब हैं।
विराट कोहली अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 27975 रन बना चुके हैं। इसमें टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल मैचों के रन शामिल हैं। यानी वे 28 हजार रनों के बेहद करीब हैं। उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए केवल 25 और रनों की दरकार है। अब तक दुनिया के केवल दो ही बल्लेबाज ऐसे हैं, जो 28 हजार रन बना सके हैं। कोहली तीसरे बनने के बेहद करीब हैं। लेकिन कोहली इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज बल्लेबाज बन जाएंगे, इसकी पूरी उम्मीद की जा सकती है।
सचिन तेंदुलकर ने अपने इंटरनेशनल करियर में 34357 रन बनाए हैं, वहीं कुमार संगकारा ने 28016 रन बनाए हैं। संगकारा ने अपने आखिरी इंटरनेशनल मैच में 28 हजार का आंकड़ा छूआ था। अब जरा आंकड़ों पर गौर कीजिए। सचिन तेंदुलकर ने जब 28 हजार इंटरनेशनल पूरे किए थे, तब तक वे 644 पारियां खेल चुके थे। वहीं कुमार संगकारा ने अपने करियर में 28 हजार रन पूरे करने के लिए 666 पारियां खेली हैं। अब बात विराट कोहली की करते हैं।
कोहली ने अब तक 623 इंटरनेशनल पारियां खेली हैं। यानी वे सचिन से भी तेज 28 हजार रन पूरे कर सकते हैं, इसके लिए उनके पास पर्याप्त वक्त है। जनवरी में 11 तारीख से भारत और न्यूजीलैंड के तीन वनडे मैचों की सीरीज होने जा रही है। इस सीरीज में वे अपने 28 हजार रन पूरे कर लेंगे। उम्मीद है कि पहले ही मैच में वे ऐसा कर जाएंगे, लेकिन अगर पहले में नहीं हुए तो भी उनके पास दो मैच बचेंगे। विराट कोहली जैसे बल्लेबाज से ये उम्मीद की जा सकती है कि वे तीन मैचों में कम से कम 25 रन तो बना ही देंगे। 25 और रन बनाते ही सचिन तेंदुलकर का कीर्तिमान ध्वस्त कर विराट कोहली पहले नंबर पर पहुंच जाएंगे।
यह भी पढ़ें
ये खिलाड़ी कर सकता है क्रिकेट से संन्यास का ऐलान, साल 2026 शुरू होते ही एक और रिटायरमेंट
पाकिस्तानी बल्लेबाज ने विदेश में भी कटाई नाक, टी20 में खेली टेस्ट जैसी पारी
संपादक की पसंद