दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 के सीजन में सेंट्रल दिल्ली किंग्स स्क्वाड का हिस्सा भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को अपना डेब्यू मैच 27 अगस्त को ईस्ट दिल्ली राइडर्स के खिलाफ खेलने का मौका मिला। आर्यवीर सहवाग जो अपने पिता की ही तरह एक ओपनिंग बल्लेबाज हैं उन्होंने पिच पर आने के साथ कुछ बड़े शॉट तो खेले लेकिन अपने डेब्यू मैच की पारी को अधिक बड़ा करने में कामयाब नहीं हो सके।
आर्यवीर सहवाग सिर्फ 22 रन बनाकर लौटे पवेलियन
सेंट्रल दिल्ली किंग्स की टीम ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स के खिलाफ मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की जिसमें आर्यवीर को ओपनिंग करने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने कुल 16 गेंदों का सामना करने के साथ 22 रन बनाए। आर्यवीर ने अपनी इस छोटी पारी के दौरान कुल 4 चौके लगाए, जब ऐसा लगा कि वह अपनी नजरें अब जमा चुके हैं उसी समय रौनक वाघेला की गेंद पर वह मयंक रावत को अपना कैच थमा बैठे। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की टीम ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 155 रनों का स्कोर बनाया, जिसमें उनकी तरफ से युगल सैनी ने 32 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली तो वहीं जसवीर सहरावत के बल्ले से 35 गेंदों में नाबाद 37 रनों की पारी देकने को मिली।
सेंट्रल दिल्ली किंग्स मुकाबले में एकतरफा दर्ज की जीत
इस मुकाबले को लेकर बात की जाए तो सेंट्रल दिल्ली किंग्स की टीम ने एकतरफा 62 रनों के साथ जीत दर्ज की जिसमें ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम को उन्होंने 16 ओवर्स में सिर्फ 93 रनों के स्कोर पर समेट दिया, जिसमें मनी ग्रेवाल ने जहां 5 विकेट हासिल किए तो वहीं गाविश खुराना ने 2 जबकि अरुण पुधीर, तेजस बरोका और कप्तान जोंटि सिद्धू ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। इस सीजन सेंट्रल दिल्ली किंग्स का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें वह पहले ही प्लेऑफ के लिए अपनी जगह को पक्की कर चुकी है।
ये भी पढ़ें
विराट और रोहित में कौन सबसे मुश्किल बल्लेबाज? धाकड़ तेज गेंदबाज ने कर दिया खुलासा
भुवनेश्वर की इस कदर हुई धुनाई, ताउम्र रहेगा याद, हर गेंद पर खाई बाउंड्री; 1 ओवर में लुटाए इतने रन