1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 20 साल पहले खेला था हॉकी वर्ल्ड कप, अब T20 वर्ल्ड कप में उतरते ही 42 साल का कप्तान रचेगा इतिहास

20 साल पहले खेला था हॉकी वर्ल्ड कप, अब T20 वर्ल्ड कप में उतरते ही 42 साल का कप्तान रचेगा इतिहास

 Written By: Vanson Soral
 Published : Feb 03, 2026 02:50 pm IST,  Updated : Feb 03, 2026 02:50 pm IST

T20 वर्ल्ड कप 2026 में नया इतिहास बनने जा रहा है। इस बार इटली की टीम पहली बार T20 वर्ल्ड कप में शिरकत करती नजर आएगी।

Wayne Madsen- India TV Hindi
वेन मैडसेन Image Source : AFP/ITALY NATIONAL CRICKET TEAM

Wayne Madsen: T20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें शिरकत करेंगी। इन 20 टीमों में इटली इकलौती ऐसी टीम है, जो पहली बार T20 वर्ल्ड कप खेलने उतरेगी। यही वजह है कि इस बार का वर्ल्ड कप इटली की टीम के लिए बेहद खास होने वाला है। इटली को ग्रुप C में रखा गया है, जहां उसका सामना नेपाल, स्कॉटलैंड, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों से होगा। इटली अपना पहला मुकाबला 9 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलेगी और टीम अपने डेब्यू टूर्नामेंट में दमदार शुरुआत करना चाहेगी।

हॉकी से क्रिकेट तक का अनोखा सफर

T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज वैसे तो 7 फरवरी से होगा, लेकिन इटली की टीम लंबे समय से चर्चा का विषय बनी हुई है। इटली ही नहीं बल्कि टीम के कप्तान वेन मैडसेन भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं, क्योंकि वह दो अलग-अलग खेलों के वर्ल्ड कप में दो देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले पहले पुरुष क्रिकेटर बनने जा रहे हैं। T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा, जब कोई खिलाड़ी पहले से किसी अन्य खेल का वर्ल्ड कप खेल चुका हो। 

दरअसल, साउथ अफ्रीका में जन्मे वेन मैडसेन T20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली की कप्तानी करते नजर आएंगे। इससे पहले मैडसेन ने साल 2006 के हॉकी वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका का प्रतिनिधित्व किया था। तब वह महज 22 साल के थे। हालांकि, वह टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका के लिए निराशाजनक रहा। टीम ने पांच मैच खेले, जिसमें तीन हारे और दो ड्रॉ रहे। भारत और साउथ कोरिया के खिलाफ मुकाबले क्रमशः 1-1 और 2-2 से ड्रॉ रहे, जबकि 11वें स्थान के प्लेऑफ में भारत से 0-1 की हार के बाद टीम आखिरी पायदान पर रही।

क्रिकेट का अच्छा-खासा अनुभव

हॉकी वर्ल्ड कप से पहले ही मैडसेन 2004 में क्वाजुलू-नटाल के लिए फर्स्ट क्लास और लिस्ट-ए क्रिकेट खेल चुके थे। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट में डर्बीशायर के लिए अपने करियर का बड़ा हिस्सा बिताया। कुछ साल बाद वह इंग्लैंड के लिए खेलने के भी पात्र हो गए थे, लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें न तो साउथ अफ्रीका और न ही इंग्लैंड की सीनियर क्रिकेट टीम के लिए खेलने का मौका मिला।

42 साल की उम्र में बने कप्तान

साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड से निराशा हाथ लगने के बाद जुलाई 2023 में मैडसेन ने इटली के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। अब तक वह T20 इंटरनेशनल में 7 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 205 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 132.25 का है और उनके नाम दो अर्धशतक दर्ज हैं। मैडसेन को T20 क्रिकेट का जबरदस्त अनुभव है। उन्होंने 219 T20 मैचों में 5516 रन, 135.16 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं।

वॉर्म-अप मैच में जीत से बढ़ा आत्मविश्वास

भारत पहुंचने के बाद इटली ने अपने पहले वॉर्म-अप मैच में हाई रैंकिंग वाली कनाडा टीम को हराया, जिससे टीम का मनोबल काफी ऊंचा है। अब वेन मैडसेन की अगुआई में इटली की नजरें T20 वर्ल्ड कप 2026 में चौंकाने वाला प्रदर्शन करने पर टिकी होंगी। 

यह भी पढ़ें:

क्रिकेट जगत में शोक, पूर्व क्रिकेटर का 67 साल की उम्र में निधन, टेस्ट डेब्यू के लिए शादी तक टाल दी थी

तो इसलिए T20 वर्ल्ड कप छोड़ने का फैसला किया, पैट कमिंस का बड़ा खुलासा, IPL को लेकर दिया बड़ा अपडेट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल