AUS vs WI, 3rd Test: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वेस्टइंडीज को जमैका के किंग्स्टन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में 176 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही मेजबान वेस्टइंडीज का 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ हो गया। वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 27 रनों पर ढेर हो गई। इस तरह वेस्टइंडीज के नाम टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का दूसरा सबसे लोएस्ट स्कोर हो गया। वेस्टइंडीज टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के सबसे लोएस्ट स्कोर की बराबरी भी कर सकती थी, लेकिन सैम कोन्स्टास की मिस फील्डिंग के चलते वेस्टइंडीज शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी करने से बाल-बाल बच गई। बता दें, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे लोएस्ट स्कोर न्यूजीलैंड के नाम है। न्यूजीलैंड की टीम साल 1955 में इंग्लैंड के खिलाफ महज 26 रन के स्कोर पर ढेर हो गई थी। अगर चौथी पारी के लिहाज से देखें तो यह टेस्ट क्रिकेट का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले चौथी पारी में साल 1896 में साउथ अफ्रीका की टीम 30 रनों पर सिमट गई थी।
टेस्ट की एक पारी में सबसे कम स्कोर
- न्यूजीलैंड 26 बनाम इंग्लैंड 1955 (तीसरी पारी)
- वेस्टइंडीज 27 बनाम ऑस्ट्रेलिया 2025 (चौथी पारी)
- साउथ अफ्रीका 30 बनाम इंग्लैंड 1896 (चौथी पारी)
- साउथ अफ्रीका 30 बनाम इंग्लैंड 1924 (दूसरी पारी)
मिचेल स्टार्क ने रचा इतिहास
वेस्टइंडीज को 27 रनों पर समेटने में ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का अहम योगदान रहा। स्टार्क ने अपने 100वें टेस्ट मैच में गेंद से कहर बरपाते हुए वेस्टइंडीज के 6 बल्लेबाजों का शिकार किया। आपको जानकर हैरानी होगी कि स्टार्क ने यह कमाल सिर्फ 9 रन देते हुए किया। उन्होंने महज 15 गेंद के भीतर ही 5 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया था। यह टेस्ट की एक पारी में अब तक का सबसे तेज पांच विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड है।
शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त
स्टार्क की कहर बरपाती गेंदों के आगे वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के क्रीज पर टिकने में पसीने छूट गए। यही वजह है कि 6 में से 4 कैरेबियाई बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में कुल मिलाकर 7 बल्लेबाज डक पर पवेलियन लौटे। इस तरह वेस्टइंडीज ने टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा डक का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले टेस्ट की एक पारी में कभी 6 से ज्यादा बल्लेबाज डक पर आउट नहीं हुए थे। टेस्ट क्रिकेट में ऐसा 10वीं बार हुआ है जब किसी टीम के 6 या उससे ज्यादा बल्लेबाज एक पारी में डक पर पवेलियन लौटे हैं।