टीम इंडिया में अब किसी भी जगह पक्की नहीं है। जो अच्छा खेल दिखाएगा, वो खेलेगा और जो नहीं खेलेगा, वो टीम से बाहर जाएगा। ये करीब करीब साफ हो चुका है। इसके बाद भी टीम इंडिया को टेस्ट क्रिकेट में लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच जो पुराने खिलाड़ी हैं, उन पर संकट के बादल हैं। अगर उन्होंने परफार्म नहीं किया तो छुट्टी होनी है। इस बीच रवींद्र जडेजा ने लंबे समय बाद एक ठीकठाक पारी खेल दी है। हालांकि उन्हें अभी कुछ और रन बनाने होंगे तभी बात बनेगी।
लंबे अर्से से जडेजा नहीं लगा पाए हैं अर्धशतक
रवींद्र जडेजा ने अपना आखिरी अर्धशतक टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान लगाया था। ब्रिस्बेन में खेले गए मुकाबले में उन्होंने 77 रन बनाए थे। इसके बाद से लेकर अब तक उनके बल्ले से छोटी छोटी पारियां ही आई हैं। वे कोई अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। लेकिन अब जडेजा इसके करीब नजर आ रहे हैं।
अब जडेजा के पास बड़ी पारी खेलने का मौका
जडेजा ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में पहले दिन 41 रन बना लिए हैं और अभी तक वे नाबाद हैं। यानी अगर थोड़ी देर और खेल गए तो वे कम से कम अर्धशतक तो पूरा कर ही लेंगे। हालांकि भारतीय टीम इस वक्त जहां खड़ी है, रवींद्र जडेजा से एक बड़े शतक की उम्मीद की जानी चाहिए।
अगर नहीं खेल पाए अच्छा तो प्लेइंग इलेवन से हो भी सकते हैं बाहर
इसी सीरीज के पहले टेस्ट की पहली पारी में जडेजा ने 11 और दूसरी में नाबाद 25 रन बनाए थे। जडेजा के साथ दिक्कत ये भी है कि बल्लेबाजी में तो वे कुछ नहीं ही कर पा रहे हैं, गेंदबाजी भी विकेट नहीं ले रहे हैं। पिछले टेस्ट की पहली पारी में जडेजा ने 68 रन दे दिए थे और कोई भी विकेट उन्हें नहीं मिला। इसके बाद दूसरी पारी में 104 रन देकर उन्होंने केवल एक विकेट चटकाया। अगर इसी तरह का खेल जडेजा दिखाएंगे तो वो दिन दूर नहीं, जब उन्हें भी प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया जाएगा। जडेजा इसलिए मौका मार ले जाते हैं, क्योंकि वे आलराउंडर हैं, गेंद और बल्ले दोनों से टीम को योगदान देते हैं। अब ये मुकाबला जडेजा के लिए काफी अहम है। उन्हें रन बनाने के साथ साथ विकेट भी लेने होंगे।