Who is Kristian Clarke: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी सीरीज के दौरान भारतीय टीम ने जिस पहले मैच को जीता था, उसमें एक नए और युवा खिलाड़ी ने डेब्यू किया था। चूंकि पहला मैच भारतीय टीम जीत गई और उस गेंदबाज ने केवल एक ही विकेट लिया, इसलिए उसकी चर्चा ज्यादा नहीं हुई। अगले ही मैच में उस गेंदबाज ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को आउट कर सनसनी मचा दी। हम बात रहे हैं क्रिस्टियन क्लार्क की। चलिए जरा जानते हैं कि ये गेंदबाज आखिर है कौन।
क्रिस्टियन क्लार्क अपना दूसरा ही वनडे मैच खेल रहे हैं
क्रिस्टियन क्लार्क न्यूजीलैंड के नए और युवा गेंदबाज हैं। उनका जन्म छह मार्च 2001 को ते अवामुतु, वाइकाटो में हुआ था। यानी वे अभी करीब 24 साल के हैं। भारत के खिलाफ जब न्यूजीलैंड ने 11 जनवरी को पहला मुकाबला खेला था, तब क्रिस्टियन क्लार्क को अपने इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिला था। उस मैच में उन्होंने एक विकेट लिया था। उन्होंने हर्षित राणा को पवेलियन भेजा था। इसके बाद दूसरे मैच में आते ही क्रिस्टियन क्लार्क छा गए।
रोहित शर्मा को आउट कर छा गए
भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज के दूसरे मुकाबले में कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने क्रिस्टियन क्लार्क को पहले गेंदबाजी के लिए उतार दिया। जब वे गेंदबाजी के लिए आए तो रोहित शमा्र और शुभमन गिल धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने आते ही सबसे पहले रोहित शर्मा को अपना शिकार बनाया। रोहित शर्मा 38 बॉल पर केवल 24 रन बनाकर आउट हो गए।
श्रेयस अय्यर को सस्ते में पवेलियन भेजा
रोहित शर्मा को आउट करने के बाद भी क्रिस्टियन क्लार्क रुके नहीं। उनका अगला शिकार श्रेयस अय्यर बने। क्रिस्टियन क्लार्क ने ही श्रेयस को केवल आठ रन बनाकर पवेलियन भेज दिया। यहां तक तो ठीक था, लेकिन विराट कोहली को एक घातक बॉल पर आउट कर उन्होंने सारी महफिल लूट ली। विराट कोहली इस वक्त जबरदस्त फार्म में चल रहे हैं। पिछली पांच वनडे पारियों से वे कभी 50 रन से पहले आउट नहीं हुए, लेकिन इस बार क्रिस्टियन क्लार्क ने कोहली को ऐसा नहीं करने दिया।
विराट कोहली को आउट कर मचा दी सनसनी
विराट कोहली जब अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, इससे पहले ही क्रिस्टियन क्लार्क ने उन्हें चलता कर दिया। विराट कोहली 29 बॉल पर 23 रन ही बना पाए थे। विराट कोहली को क्रिस्टियन क्लार्क ने क्लीन बोल्ड किया। जिस तरह से कोहली आउट हुए हैं, वो काफी दिन बाद देखने को मिला। कोहली अपनी पारी में केवल 2 ही चौके लगा सके। क्रिस्टियन क्लार्क ने अपने पहले छह ओवर में 37 रन देकर तीन भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया।
ऐसा हैं डोमेस्टिक क्रिकेट में आंकड़े
क्रिस्टियन क्लार्क भले ही अपना इंटरनेशनल डेब्यू अब कर रहे हों, लेकिन प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके शानदार आंकड़े हैं। उन्होंने 28 प्रथम श्रेणी मैच खेलकर 79 विकेट चटकाए हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में क्रिस्टियन क्लार्क ने 35 मैच खेलकर 53 विकेट अपने नाम किए हैं। टी20 की बात करें तो वहां उन्होंने 22 मैच खेलकर 24 विकेट झटके हैं।
यह भी पढ़ें
सचिन तेंदुलकर से भी आगे निकल गए विराट कोहली, 17 साल बाद किसी भारतीय ने किया ये कमाल
ICC Rankings: विराट कोहली बने आईसीसी वनडे रैंकिंग के नंबर एक बल्लेबाज, रोहित शर्मा को भयंकर नुकसान