1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेनिस बॉल से खेलकर IPL तक पहुंचा ये तेज गेंदबाज, अब रोहित और सूर्या को आउट कर बना KKR का नया स्टार

टेनिस बॉल से खेलकर IPL तक पहुंचा ये तेज गेंदबाज, अब रोहित और सूर्या को आउट कर बना KKR का नया स्टार

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 20, 2026 09:50 pm IST,  Updated : May 20, 2026 09:51 pm IST

KKR के युवा तेज गेंदबाज सौरभ दुबे ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे बड़े बल्लेबाजों को आउट कर सुर्खियां बटोरीं।

Saurabh Dubey- India TV Hindi
सौरभ दुबे और रोहित शर्मा Image Source : PTI

Who Is Saurabh Dubey? ईडन गार्डन्स में जब मुंबई इंडियंस पहले बल्लेबाजी करने उतरी, तो शायद ही किसी ने सोचा होगा कि मुंबई के 2 बड़े स्टार बल्लेबाजों को युवा अनजान गेंदबाज सौरभ दुबे अपना शिकार बना लेगा। मुंबई की पारी का आगाज होने के कुछ देर बाद ही कोलकाता नाइट राइडर्स के 6 फीट 5 इंच लंबे तेज गेंदबाज दुबे ने कुछ ही गेंदों में मैच का माहौल बदल दिया। उन्होंने पहले रोहित शर्मा को पवेलियन भेजा और फिर भारत के T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का विकेट लेकर सनसनी मचा दी।

IPL 2026 के 65वें मुकाबले में सौरभ दुबे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए KKR को शुरुआती सफलता दिलाई। चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने रोहित शर्मा को कैमरून ग्रीन के हाथों कैच कराया। रोहित 13 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें दो छक्के शामिल थे। इसके बाद सौरभ दुबे ने अपने अगले ही ओवर में सूर्यकुमार यादव को बोल्ड कर दिया। दुबे की तेज गेंद उनके बल्ले से लगने के बाद स्टंप्स से जा टकराई। इस तरह मुंबई को पावरप्ले के भीतर ही 4 बड़े बल्लेबाज आउट हो गए। इससे पहले कैमरन ग्रीन ने तीसरे ओवर में गेंदबाजी करते हुए रयान रिकल्ट और नमन धीर को पवेलियन का रास्ता दिखाते हुए मुंबई इंडियंस के खेमे में खलबली मचा दी। इसके बाद रही सही कसर सौरभ दुबे ने रोहित और सूर्या को आउट कर पूरी कर दी।

कौन हैं सौरभ दुबे?

सौरभ दुबे विदर्भ के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले 28 साल के लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज हैं। IPL 2026 शुरू होने से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें चोटिल आकाशदीप के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया था। दिलचस्प बात यह है कि IPL में यह उनका सिर्फ तीसरा मुकाबला है। इससे पहले उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना पहला IPL विकेट लिया था, जब उन्होंने जोस बटलर को आउट किया था। लेकिन रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गजों के विकेट उनके T20 करियर के अब तक के सबसे बड़े विकेट माने जा रहे हैं।

टेनिस बॉल से शुरू हुआ सफर

सौरभ दुबे का क्रिकेट सफर बेहद संघर्ष भरा रहा है। बचपन में वह सिर्फ टेनिस बॉल क्रिकेट खेलते थे और उन्हें प्रोफेशनल क्रिकेट में आने का रास्ता भी नहीं पता था। साल 2016 में उन्होंने वर्धा की ब्रदरहुड क्रिकेट एसोसिएशन जॉइन की और पहली बार लेदर बॉल से क्रिकेट खेला। उनकी मां चाहती थीं कि बेटा इंजीनियर बने, लेकिन सौरभ ने क्रिकेट को अपना सपना बनाया और उसी रास्ते पर आगे बढ़ते गए। और अब रोहित और सूर्यकुमार जैसे बल्लेबाजों के विकेट लेने के बाद सौरभ दुबे अचानक सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में चर्चा का बड़ा नाम बन गए हैं।

यह भी पढ़ें:

हार्दिक की वापसी के साथ ही MI ने किया अनोखा कारनामा, PWI के बाद ऐसा करने वाली बनी सिर्फ दूसरी IPL टीम

Who is Harsh Dubey? 133 विकेट वाले प्लेयर को बताया जा रहा है जडेजा का रिप्लेसमेंट, घरेलू क्रिकेट में कैसे हैं आंकड़े

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल