Virat Kohli and Rohit Sharma: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के एक और दौर की शुरुआत 31 दिसंबर को हुई, लेकिन सभी की नजरें एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली को ढूंढने लगी। दरअसल, टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों में मुंबई और दिल्ली की ओर से खेल चुके ये दोनों दिग्गज इसके बाद लगातार मैचों से बाहर हैं, जिससे फैंस के मन में कई बड़े सवाल उठने लगे हैं। फैंस को साल 2025 के आखिरी दिन को उम्मीद थी कि रोहित और विराट की वापसी होगी, लेकिन गोवा के खिलाफ मुंबई की प्लेइंग XI में रोहित शर्मा शामिल नहीं थे, जबकि ओडिशा के खिलाफ दिल्ली की टीम भी विराट कोहली के बिना उतरी।
क्यों नहीं खेल रहे हैं रोहित और विराट?
रोहित शर्मा ने विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की थी। उन्होंने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सिक्किम के खिलाफ 155 रन की तूफानी पारी खेली। इसके बाद दूसरे मैच में उत्तराखंड के खिलाफ वह पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुंबई के लिए तीसरे मैच में खेलने नहीं उतरे। वहीं, विराट कोहली ने भी अपने पहले ही मैच में दिल्ली के लिए आंध्र प्रदेश के खिलाफ 131 रन की शानदार पारी खेली। दूसरे मुकाबले में उन्होंने गुजरात के खिलाफ 77 रन बनाकर टीम को मैच जिताया। तीसरा मैच दिल्ली ने सौराष्ट्र के खिलाफ 29 दिसंबर को खेला, जिसमें विराट कोहली टीम का हिस्सा नहीं थे।
कोहली खेल सकते हैं रेलवे के खिलाफ मैच
जानकारी के मुताबिक, विराट कोहली ने इस सीजन में दिल्ली के लिए केवल तीन विजय हजारे ट्रॉफी मैच खेलने की उपलब्धता दी है। वह अब तक दो मैच खेल चुके हैं और 6 जनवरी को रेलवे के खिलाफ दिल्ली के लिए अपना तीसरा और आखिरी मैच खेल सकते हैं। इसके बाद 11 जनवरी से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से पहले वह टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे।
दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने इसको लेकर PTI से कहा था कि फिलहाल वह खेल रहे हैं। विराट ने तीन मैचों के लिए अपनी उपलब्धता दी है। दूसरी ओर, रोहित शर्मा के भी विजय हजारे ट्रॉफी में सिर्फ दो मुकाबले खेलने का कार्यक्रम तय था। ऐसे में संभावना है कि वह 8 जनवरी को वडोदरा में टीम इंडिया के कैंप से सीधे जुड़ जाएंगे। कुल मिलाकर, रोहित शर्मा और विराट कोहली की गैरमौजूदगी वर्कलोड मैनेजमेंट और इंटरनेशनल कमिटमेंट्स से जुड़ी मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें
T20 WC के लिए अब इस टीम का ऐलान, 1 साल बाद स्टार खिलाड़ी की वापसी, दिग्गज गेंदबाज को मिली कप्तानी