Highlights
- भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली वन डे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान
- शिखर धवन कप्तान और रवींद्र जडेजा बने सीरीज के लिए टीम इंडिया के उपकप्तान
- टीम इंडिया के 5 कप्तानों को एक साथ दिया गया आराम, बीसीसीआई पर सवाल
WI vs IND : भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली वन डे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। टीम की कमान इस बार बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन के हाथों में सौंपी गई है। टीम की खास बात ये है कि लगभग सभी सीनियर खिलाड़ियों को वन डे टीम से आराम दिया गया है। जबकि आईपीएल के बाद इन खिलाड़ियों ने ज्यादा क्रिकेट खेला भी नहीं है। वेस्टइंडीज टूर के लिए जिस भारतीय टीम का ऐलान हुआ है, उससे ऐसा लगता है कि बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज को कमजोर विपक्षी मान लिया है। कहीं ऐसा न हो ये गलती टीम इंडिया पर भारी पड़ जाए और सीरीज हाथ से निकल जाए। बीसीसीआई की ओर से ट्वीट कर टीम इंडिया की घोषणा की गई, इसके बाद ट्विटर यूजर बीसीसीआई को ट्रोल करने में जुटे हुए हैं।
हर सीरीज में एक नया कप्तान, अब शिखर धवन बने कप्तान
वेस्टइंडीज टूर के लिए रोहित शर्मा, केएल राहुल, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या और विराट कोहली केा आराम दिया गया है। अभी तक विराट कप्तानी कर रहे थे। लेकिन विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद लगातार हर सीरीज में कोई नया कप्तान सामने आ जाता है। एक बार फिर बीसीसीआई को कप्तानी के लिए शिखर धवन के पास जाना पड़ा, जो टी20 क्रिकेट से लगभग बाहर ही हो गए हैं। रोहित शर्मा तो अभी भी तीनों फॉर्मेट के कप्तान हैं। केएल राहुल भी टीम की कप्तानी अक्सर करते ही रहते हैं। ऋषभ पंत दक्षिण अफ्रीका सीरीज में टीम के कप्तान थे। हार्दिक पांड्या को आयरलैंड सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया था। वहीं जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए एक टेस्ट में कप्तानी की है। इस तरह से पांच भारतीय कप्तान एक साथ आराम कर रहे होंगे और नई नवेली टीम वेस्टइंडीज से टक्कर ले रही होगी। हाल ये है कि बीसीसीआई ने रवींद्र जडेजा को उपकप्तान बनाया गया है।
टीम के ऐलान के बाद निशाने पर आया बीसीसीआई
बीसीसीआई ने जब टीम इंडिया का ऐलान किया, उसके बाद यूजर्स ने बीसीसीआई को जमकर निशाने पर लिया। एक यूजर ने लिखा है कि विश्व कप 2022 आते आते कहीं ऐसा न हो कि पूरे 11 खिलाड़ी ही कप्तान बन चुके हों। एक और यूजर ने लिखा है कि फिर से नया कप्तान, नई टीम. एक ही प्लेइंग इलेवन क्यों नहीं हो सकती? उन्हें एक साथ अधिक बार खेलने की जरूरत है ताकि वे महत्वपूर्ण मैचों में एक साथ खेले। यूजर ने तो यहां तक कह दिया कि जिस रफ्तार से हर सीरीज में कप्तान बदल रहे हैं वो दिन दूर नहीं जब अर्शदीप को भी कप्तानी मिल जाएगी। एक और यूजर ने लिखा है कि रोहित शर्मा, विराट कोहली को कितना आराम चाहिए। हर एक सीरीज के बाद रेस्ट ही करते रहते हैं। एक और यूजर ने लिखा है कि विराट को आराम क्यों दिया जाता है? और रोहित ने कितना क्रिकेट खेला है। विराट मुश्किल से 20 मिनट क्रीज पर बिताते हैं। विंडीज सीरीज उनके फॉर्म और आत्मविश्वास को फिर से हासिल करने का मौका हो सकती थी। खेल के समय की उनकी कमी इस साल के अंत में एशिया कप और विश्व कप में फिर से दिखाई देगी।