1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप जीतने के बाद ट्रॉफी पर क्या बोले कप्तान सूर्यकुमार यादव, PM मोदी को लेकर कही ये बात

एशिया कप जीतने के बाद ट्रॉफी पर क्या बोले कप्तान सूर्यकुमार यादव, PM मोदी को लेकर कही ये बात

 Published : Sep 29, 2025 03:55 pm IST,  Updated : Sep 29, 2025 03:58 pm IST

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप का खिताब जीतने के बाद दूसरे दिन मीडिया से बात की और अपने दिल की बात सामने रखी।

pm narendra modi and suryakumar yadav- India TV Hindi
पीएम नरेंद्र मोदी और सूर्यकुमार यादव Image Source : AP PTI

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। भारत ने पाकिस्तान को फाइनल में 5 विकेट से पटकनी दी। इससे भी बड़ी बात ये रही कि इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारत और पाकिस्तान की टीमें कुल तीन बार आमने सामने आईं और हर बार भारत ने उसे हराने में कामयाबी हासिल की। अब एशिया कप का खिताब जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मीडिया से बात की है। ट्रॉफी को लेकर जो कुछ हुआ, उस पर भी सूर्या ने अपनी बात रखी, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो एक्स पर पोस्ट किया, उस पर भी अपनी राय रखी है। 

ट्रॉफी न लेने को लेकर क्या बोले कप्तान सूर्यकुमार यादव

भारतीय टीम ने भले ही एशिया कप जीत लिया हो, लेकिन ट्रॉफी नहीं ली। इसको लेकर 28 सितंबर की देर रात तक ड्रामा चलता रहा। दरअसल भारतीय टीम ने साफ कर दिया था कि  वे पीसीबी चीफ और एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों से एशिया कप की ट्रॉफी नहीं लेंगे। लेकिन मोहसिन नकवी भी अपनी बात पर अड़े रहे। वे एसीसी यानी एशियाई क्रिकेट काउंसिल के चीफ हैं तो वे चाहते थे कि वे ही ट्रॉफी देंगे, लेकिन भारत ने इससे इन्कार कर दिया। बाद में भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी के ही काफी देर तक मैदान पर जश्न मनाया। 

सभी के दिल जीतने को बताया असली ट्रॉफी

इस पूरे मामले को लेकर जब कप्तान सूर्यकुमार यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ट्रॉफी को लेकर जो कुछ भी हुआ, वे इसे विवाद नहीं कहेंगे। सूर्या ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि अगर आपने देखा होगा तो लोगों ने ट्रॉफी की तस्वीरें इधर-उधर पोस्ट की हैं। लेकिन असली ट्रॉफी तब होती है जब आप सभी का दिल जीतते हैं, वही असली ट्रॉफी होती है। असली ट्रॉफी मैदान पर मौजूद इतने सारे लोगों की मेहनत और प्रयास है। एशिया कप में मिली शानदार जीत को लेकर सूर्या ने कहा कि यह बहुत अच्छा एहसास था। जब आप कोई टूर्नामेंट बिना हारे जीतते हैं तो आपको बहुत अच्छा लगता है। यह पूरी टीम और पूरे देश के लिए बहुत अच्छा एहसास था और यह बहुत मजेदार था। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी रात में एक साथ आए और बैठे और खूब मस्ती की। 

पीएम मोदी के पोस्ट पर भी सूर्या ने रखी अपनी बात

भारतीय टीम ने जब 28 सितंबर की देर रात पाकिस्तान को बुरी तरह से हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया तो भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक पोस्ट किया था। इस पर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि काफी अच्छा लगता है जब देश का नेता खुद फ्रंटफुट पर बल्लेबाजी करता है। ऐसा लगा जैसे उसने स्ट्राइक ली और रन बनाए। यह देखना शानदार था और जब सर सामने खड़े हों तो निश्चित रूप से खिलाड़ी खुलकर खेलेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार देर रात ट्वीट कर लिखा था कि खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर। इसे काफी पसंद किया जा रहा है। 

यह भी पढ़ें 

Asia Cup 2025: पाकिस्तान की हार से गुस्से में शोएब अख्तर, कोच से लेकर कप्तान तक सबको लताड़ा

पाकिस्तान की शर्मनाक हरकत से भड़का BCCI, ट्रॉफी और मेडल न मिलने पर लेने जा रहा बड़ा एक्शन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल