1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. World Test Championship Points Table: बदल गई अंक तालिका, जानिए कहां हैं भारत और पाकिस्तान

World Test Championship Points Table: बदल गई अंक तालिका, जानिए कहां हैं भारत और पाकिस्तान

 Published : Jun 20, 2022 10:32 am IST,  Updated : Jun 20, 2022 10:32 am IST

भारत को अब इंग्लैंड के साथ एक जुलाई से एक टेस्ट मैच खेलना है, जिसके लिए टीम इंडिया का ऐलान किया गया है और टीम इंग्लैंड पहुंच भी चुकी है। 

Virat Kohli- Rohit Sharma- India TV Hindi
Virat Kohli- Rohit Sharma Image Source : PTI

Highlights

  • वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच खेले गए टेस्ट मैच के बाद बदली अंक तालिका
  • ऑस्ट्रेलियाई टीम अभी नंबर वन, दक्षिण अफ्रीका का टीम का नंबर दो पर जलवा
  • टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच एक जुलाई से खेला जाएगा एक टेस्ट मैच

आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट्स टेबल में एक बार​ फिर से बदलाव हो गया है। रविवार को वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच खेले गए टेस्ट मैच के बाद इसमें काफी उथलपुथल देखी जा रही है। वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को इस मैच में सात विकेट से करारी शिकस्त दी है। इससे वेस्टइंडीज को काफी फायदा हुआ है। हालांकि टीम इंडिया की सेहत पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ा है। लेकिन भारत को अब इंग्लैंड के साथ एक जुलाई से एक टेस्ट मैच खेलना है, जिसके लिए टीम इंडिया का ऐलान किया गया है और टीम इंग्लैंड पहुंच भी चुकी है। ये मैच भारतीय टीम के लिए काफी अहम होने वाला है। 

जीत के साथ वेस्टइंडीज की टीम को हुआ फायदा

वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का पहला मैच वेस्टइंडीज ने सात विकेट से जीता है। इसके साथ ही वेस्टइंडीज की टीम अब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में नंबर छह पर पहुंच गई है। टीम के पास अब 35.71 प्रतिशत अंक हो गए हैं। हालांकि टॉप 3 की पोजीशन में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। ऑस्ट्रेलियाई टीम अभी नंबर एक पर काबिज है, वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम नंबर दो पर बनी हुई है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अभी तक आठ मैच खेले हैं और टीम ने इसमें से पांच मैच अपने नाम किए हैं। ऑस्ट्रेलिया अभी तक एक भी मैच हारी नहीं है। टीम ने तीन मैच ड्रॉ भी खेले हैं। ऑस्ट्रेलिया के पास इस वक्त 75 प्रतिशत अंक हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीकी टीम है। दक्षिण अफ्रीका ने अब तक 7 मैच खेले हैं और इसमें से पांच जीते हैं और दो में उसे हार मिली है। टीम के पास इस वक्त 71.43 प्रतिशत अंक हैं। 

टीम इंडिया नंबर तीन पर काबिज 
बात अगर टीम इंडिया की करें तो भारतीय टीम अभी भी नंबर तीन की कुर्सी पर बनी हुई है। भारतीय टीम ने अब तक इस चैंपियनशिप के तहत 12 टेस्ट मैच खेले हैं और छह में उसे जीत मिली है, वहीं तीन मैच टीम इंडिया हारी है। भारत के दो मैच बराबरी पर भी खत्म हुए हैं। इस तरह से भारतीय टीम के पास 58.33 प्रतिशत अंक हैं। भारत के अलावा टॉप 5 में श्रीलंका और पाकिस्तान भी हैं। 55.56 प्रतिशत अंक के साथ श्रीलंकाई टीम नंबर चार और 52.38 प्रतिशत अंक लेकर पाकिस्तानी टीम नंबर पांच पर बनी हुई है। 

कैसे मिलते हैं विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अंक 
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का आयोजन साल 2021 से चला आ रहा है। सभी टीमें जो टेस्ट मैच खेलती हैं, वो इसी के तहत खेले जा रहे हैं। टेस्ट मैच जीतने पर किसी भी टीम को 12 अंक दिए जाते हैं, वहीं बराबरी पर मैच खत्म होने पर चार चार अंक दोनों टीमों के बीच बांट दिए जाते हैं। मैच टाई होने पर छह अंक दिए जाते हैं, वहीं हार पर कोई अंक नहीं दिया जाता। सभी मैच खत्म होने पर जो भी दो टीमें टॉप 2 में होंगी, उनके बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। ये टूर्नामेंट 2023 तक चलेगा, इसके बाद फाइनल होगा। इससे पहले साल 2021 का फाइनल मैच भारतीय टीम ने खेला था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल हुआ था, जिसे न्यूजीलैंड टीम ने जीता था और टेस्ट चैंपियनशिप की पहली विजेता न्यूजीलैंड की टीम ही बनी थी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल