WPL 2026: वूमेन्स प्रीमियर लीग यानी WPL 2026 का 9 जनवरी को आगाज हुआ था। अब तक 4 मैच खेले जा चुके हैं। पहले ही मैच से स्टेडियम में दर्शकों की अच्छी-खासी तादाद देखने को मिल रही है। इस बीच टूर्नामेंट के कुछ मुकाबलों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, WPL 2026 में एक दिन दर्शकों को स्टेडियम में एंट्री नहीं मिल पाएगी। इस हफ्ते WPL 2026 का एक मैच बंद दरवाजों के पीछे खेला जाएगा। यानी दर्शक स्टेडियम में बैठकर इस मैच का लुत्फ नहीं उठा पाएंगे। इसके पीछे की बड़ी वजह है 15 जनवरी को नवी मुंबई में होने वाले नगर निगम चुनाव। इन चुनावों में भारी पुलिसबल की तैनाती होगी। ऐसे में WPL में स्टेडियम की सुरक्षा इंतजाम करना मुश्किल होगा।
पुलिस ने BCCI को दी जानकारी
ESPNcricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने BCCI को बताया है कि जिस दिन WPL और चुनाव एक ही दिन होंगे, उस दिन वे जरूरी सुरक्षा नहीं दे पाएंगे। अभी यह पक्का नहीं हो पाया है कि चुनाव से पहले और बाद के दिनों यानी 14 और 16 जनवरी को होने वाले मैच भी बिना दर्शकों के खेले जाएंगे या नहीं। अभी, WPL के ऑफिशियल ऑनलाइन टिकट प्लेटफॉर्म पर 14, 15 और 16 जनवरी के मैचों के लिए टिकट बिक्री के लिए लिस्ट नहीं किए गए हैं। अगर ऐसा ही रहता है, तो इन मैचों पर असर पड़ सकता है। बता दें, 14 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स बनाम यूपी वॉरियर्स, 15 जनवरी को मुंबई इंडियंस बनाम यूपी वॉरियर्स, और 16 जनवरी को गुजरात जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मुकाबले खेले जाएंगे।।
फैंस को लग सकता है झटका
WPL 2026 का शेड्यूल पिछले साल 29 नवंबर को जारी किया गया था, जबकि चुनाव की तारीख 15 दिसंबर को सार्वजनिक की गई थी। ऐसा माना जा रहा है कि चुनाव की तारीख तय होने के तुरंत बाद WPL कमेटी को इसकी जानकारी दे दी गई थी। BCCI ने अभी तक दर्शकों को अनुमति न देने की खबर सार्वजनिक नहीं की है, इसलिए यह बात फैंस को हैरान कर सकती है। बता दें, टूर्नामेंट के पहले मैच में स्टेडियम लगभग भरा हुआ था, जबकि वीकेंड के डबल-हेडर में भी काफी भीड़ थी।
यह भी पढ़ें
विराट कोहली फिर से बनेंगे नंबर एक बल्लेबाज, रोहित शर्मा को आईसीसी रैंकिंग में होगा जबरदस्त नुकसान!
टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को एक और झटका! न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर हो सकता है ये खिलाड़ी