आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला और वह पहली बार इस ट्रॉफी को अपने नाम करने में कामयाब रही। वहीं अब सभी की ध्यान साल 2026 की शुरुआत में होने वाले महिला प्रीमियर लीग यानी डब्ल्यूपीएल के चौथे सीजन पर है, जिसको लेकर जल्द ही मेगा प्लेयर ऑक्शन का आयोजन होगा। इससे पहले सभी 5 फ्रेंचाइजियों को अपने रिटेन किए जाने वाले प्लेयर्स की लिस्ट को जारी करना होगा, जिसकी आखिरी तारीख आज यानी 5 नवंबर है। पहले तीन सीजन खत्म होने के बाद अब सभी टीमों में कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे जिसके चलते मेगा प्लेयर ऑक्शन का आयोजन किया जाएगा।
कई बड़े नामों पर रहेगी सभी की नजरें
WPL प्लेयर रिटेंशन में कई बड़े नामों पर सभी की नजरें रहने वाली हैं, जिसमें एलिसा हीली, मेग लैनिंग और अमेलिया केर जैसे प्लेयर्स का नाम शामिल है, क्योंकि विदेशी खिलाड़ियों को लेकर रिटेंशन का नियम काफी कठिन है। मेगा ऑक्शन से पहले एक टीम अधिकतम 2 विदेशी प्लेयर से ज्यादा रिटेन नहीं कर सकती है। वहीं एक टीम को सिर्फ 5 प्लेयर रिटेन करने की छूट दी गई है, जिसमें बाकी के सभी प्लेयर्स ऑक्शन प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे। ऐसे में ऑक्शन से पहले कई टीमों के पास जहां पर्स में अधिक पैसे होने की उम्मीद की जा सकती है तो वहीं कुछ के लिए ये थोड़ा कठिन रहने वाला है। यदि मेगा ऑक्शन से पहले कोई टीम कुल 5 प्लेयर्स को रिटेन करने का फैसला करती है तो उसके पर्स में से कुल 15 करोड़ रुपये में 9.25 करोड़ रुपये कम कर दिए जाएंगे।
एक टीम को कितने प्लेयर्स रिटेन करने की मिली है छूट
महिला प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के लिए होने वाले मेगा ऑक्शन से पहले हर टीम को कम से कम 5 खिलाड़ियों को रिटेन करने की छूट मिली है, जिसमें तीन से अधिक भारतीय और 2 से अधिक विदेशी खिलाड़ी नहीं होने चाहिए। वहीं सभी टीमों को कुल 15 करोड़ रुपये का पर्स दिया गया है। इसके अलावा मेगा ऑक्शन में टीमों के पास राइट टू मैच कार्ड करने का भी विकल्प होगा, लेकिन यदि कोई टीम सभी 5 प्लेयर्स को रिटेन करती है तो उसे इस ऑप्शन का प्रयोग करने का मौका नहीं दिया जाएगा। वहीं यदि कोई टीम तीन या चार प्लेयर्स रिटेन करती है तो उसे 2 और एक आरटीएम कार्ड का उपयोग मेगा ऑक्शन के दौरान मिलेगा।
कितने प्लेयर्स रिटेन करने पर पर्स से होगी कितनी कटौती
| रिटेन किए गए प्लेयर्स | पर्स से होगी इतने रुपये की कटौती | पर्स में ऑक्शन से पहले बचे रुपये |
| 1 | 3.50 करोड़ रुपये | 11.50 करोड़ रुपये |
| 2 | 6 करोड़ रुपये | 9 करोड़ रुपये |
| 3 | 7.75 करोड़ रुपये | 7.25 करोड़ रुपये |
| 4 | 8.75 करोड़ रुपये | 6.25 करोड़ रुपये |
| 5 | 9.25 करोड़ रुपये | 5.75 करोड़ रुपये |
यहां पर देख सकते हैं, रिटेन किए जाने वाले प्लेयर्स का सीधा प्रसारण
प्लेयर रिटेंशन 2026 का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स 2 हिंदी और इंग्लिश चैनल पर भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे से किया जाएगा। इसके अलावा प्लेयर रिटेंशन का ऑनलाइन भी टेलीकास्ट जियो हॉटस्टार की ऐप और वेबसाइट पर किया जाएगा।
ये भी पढ़ें