Yashasvi Jaiswal Test Runs: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 587 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड की टीम 407 रन ही बना पाई और इस तरह से भारत को पहली पारी के आधार पर 180 रनों की बढ़त मिल गई। इसके बाद दूसरी पारी में जब यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी करने उतरे, तो उन्होंने 10 रन बनाते ही टेस्ट क्रिकेट में अपने 2000 रन पूरे कर लिए हैं।
यशस्वी जायसवाल ने किया कमाल
यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 2000 रन 40 पारियों में पूरे किए हैं, जो भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे तेज हैं। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ की बराबरी कर ली है। सहवाग और द्रविड़ ने भी टेस्ट क्रिकेट में 40-40 पारियों में 2000 रन पूरे किए थे। जायसवाल 23 साल की उम्र में ही इन दिग्गज प्लेयर्स के बराबर पहुंच गए हैं।
टेस्ट क्रिकेट में लगा चुके हैं पांच शतक
यशस्वी जायसवाल ने साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था और इसके बाद से ही वह भारतीय बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी बन गए। उन्होंने अभी तक 21 टेस्ट मैचों में कुल 2018 रन बनाए, जिसमें पांच शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ हर टेस्ट मैच में बनाया फिफ्टी प्लस स्कोर
यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 101 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद दूसरे टेस्ट मैच में की पहली पारी में उन्होंने 87 रन बनाए। वहीं अब दूसरी पारी में उनके बल्ले से 28 रन निकले हैं और उनका विकेट जोश टंग ने हासिल किया है। जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ अभी तक जितने भी टेस्ट मैच खेले हैं। उन सभी में फिफ्टी प्लस स्कोर बनाया है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अभी तक कुल 7 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उनके बल्ले से 13 पारियों में कुल 932 रन निकले हैं।
यह भी पढ़ें:
300+ रनों की साझेदारी, अंग्रेज बल्लेबाजों ने मिलकर मचाई तबाही, शुभमन गिल की कप्तानी में बैठा भट्टा
सिराज ने बजाई अंग्रेज कप्तान की बैंड, टेस्ट करियर में पहली बार देखा ऐसा बुरा दिन; लगा कलंक