Yashasvi Jaiswal: यशस्वी जायसवाल इस वक्त इंग्लैंड में हैं, जहां भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के पहले मुकाबले में यशस्वी जायसवाल ने शतकीय पारी खेली थी, लेकिन वे अपनी टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो पाए। इस बीच पिछले कुछ वक्त से जायसवाल के टीम बदलने को लेकर भी खबरें आ रही थीं। खबर आई थी कि जायसवाल अपनी डोमेस्टिक टीम बदलने जा रहे हैं। उन्हें एनओसी भी मिल गई थी, लेकिन अब लगता है कि उन्होंने अपना मूड बदल लिया है।
वापस मुंबई में लौटे जायसवाल
यशस्वी जायसवाल अभी मुंबई के लिए ही डोमेस्टिक क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। पहले इस तरह की खबर आई थी गोवा से खेलने के लिए जायसवाल ने मुंबई से एनओसी मांगी थी, जो उन्हें मिल भी गई थी। अब क्रिकबज के हवाले से पता चला है कि 30 जून यानी सोमवार को मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने उन्हें वापसी की मंजूरी दे दी है। एमसीए के एक बयान में कहा गया है कि जायसवाल अगले सीजन मुंबई के लिए डोमेस्टिक सीजन खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
अब तक रणजी ट्रॉफी में ऐसा रहा है प्रदर्शन
जायसवाल का करिय अभी बहुत बड़ा नहीं है। उन्होंने मुंबई के लिए 10 रणजी ट्रॉफी मुकाबले खेलकर 863 रन बनाने का काम किया है। इसमें उनका औसत 53.93 का रहा है। जायसवाल अब तक चार शतक लगाने में कामयाब रहे हैं। लिस्ट ए क्रिकेट की बात की जाए तो वहां उन्होंने 25 पारियों में 1296 रन बनाए हैं। वहां उनका औसत 58 के करीब का है। इस फॉर्मेट में उन्होंने पांच शतक अपने नाम किए हैं।
फिलहाल इंग्लैंड सीरीज में बनाने होंगे जायसवाल को रन
जायसवाल जब डोमेस्टिक क्रिकेट खेलेंगे तब खेलेंगे, लेकिन इस बीच सभी नजर इंग्लैंड सीरीज पर है। यशस्वी जायसवाल को एक बार फिर से ओपनिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। वे बल्लेबाजी तो ठीक कर रहे हैं, लेकिन कैचिंग में दिक्कत आ रही है। पिछले ही मैच में उन्होंने तीन से चार कैच छोड़ दिए, जो कहीं ना कहीं भारतीय टीम की हार का कारण बन गए। अब देखना होगा कि पहले मैच से जायसवाल ने कुछ सीखा है कि नहीं।