1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ट्राई सीरीज के लिए जिम्बाब्वे ने किया टीम का ऐलान, अनुभवी स्पिनर की 5 महीने बाद T20I टीम में वापसी

ट्राई सीरीज के लिए जिम्बाब्वे ने किया टीम का ऐलान, अनुभवी स्पिनर की 5 महीने बाद T20I टीम में वापसी

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 25, 2026 06:50 am IST,  Updated : Aug 25, 2026 06:51 am IST

जिम्बाब्वे ने नामीबिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली T20 ट्राई सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है।

ZIMBABWE- India TV Hindi
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम Image Source : AFP

जिम्बाब्वे ने नामीबिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली T20 ट्राई सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में अनुभवी स्पिनर ग्रेम क्रेमर की करीब पांच महीने बाद वापसी हुई है। 39 साल के क्रेमर फरवरी में हुए T20 वर्ल्ड कप के बाद चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे थे। अब बाएं हाथ की चोट से उबरने के बाद उन्हें दोबारा T20 टीम में जगह मिली है।

क्रेमर की 5 महीने बाद वापसी

ट्राई सीरीज में जिम्बाब्वे की कमान ऑलराउंडर सिकंदर रजा संभालेंगे। क्रेमर की वापसी इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने T20 वर्ल्ड कप से पहले करीब सात साल तक जिम्बाब्वे के लिए कोई मैच नहीं खेला था। टूर्नामेंट में वापसी करने के बाद चोट ने उन्हें फिर टीम से बाहर कर दिया था। हालांकि, जिम्बाब्वे को तेज गेंदबाजी विभाग में कुछ अहम खिलाड़ियों की कमी खलेगी। टेस्ट और ODI टीम के कप्तान रिचर्ड नगारवा पीठ के निचले हिस्से की चोट से उबर रहे हैं और इस वजह से उन्हें T20 टीम में शामिल नहीं किया गया है। वहीं तेज गेंदबाज तनाका चिवांगा भी चोट के कारण टीम से बाहर हैं। उनकी सर्जरी हो चुकी है।

ब्रेंडन टेलर को नहीं मिला चांस

अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर को भी इस टीम में जगह नहीं मिली है। इस साल बांग्लादेश और भारत के खिलाफ T20 इंटरनेशनल सीरीज में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था। उन्होंने अपना आखिरी T20 इंटरनेशनल मुकाबला T20 वर्ल्ड कप में ओमान के खिलाफ खेला था। हालांकि, टेलर टेस्ट टीम का हिस्सा बने हुए हैं और जून में बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट भी खेले थे। नगारवा की फिटनेस पर जिम्बाब्वे की नजर बनी रहेगी। अगर वह पूरी तरह फिट होते हैं तो सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली ODI सीरीज में टीम की अगुआई कर सकते हैं।

गौरतलब है कि ट्राई सीरीज का आयोजन 28 अगस्त से नामीबिया की राजधानी विंडहोक में होगा। इसमें तीनों टीमें डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप में एक-दूसरे से दो-दो मुकाबले खेलेंगी। पॉइंट्स टेबल में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें 6 सितंबर को फाइनल में भिड़ेंगी।

जिम्बाब्वे की T20I टीम: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रेम क्रेमर, बेन करन, ब्रैड इवांस, इनोसेंट कैया, वेस्ली मधेवेरे, तादिवानाशे मारुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, कुंडई मातिगिमु, ब्लेसिंग मुजरबानी, डियोन मायर्स, न्यूमैन न्यामहुरी और तफाद्जवा त्सिगा।

यह भी पढ़ें:

IND vs SL टेस्ट में बारिश बिगाड़ सकती है टीम इंडिया का खेल, तीसरे दिन कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम?

इंग्लैंड को लॉर्ड्स टेस्ट मैच से पहले लगा बड़ा झटका, ब्रायडन कार्स हुए बाहर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल