1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. जब आईपीएल 2019 में धोनी को मांगनी पड़ी थी अंपायरों से माफी, मिशेल सेंटनर ने किया खुलासा

जब आईपीएल 2019 में धोनी को मांगनी पड़ी थी अंपायरों से माफी, मिशेल सेंटनर ने किया खुलासा

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 11, 2020 06:06 pm IST,  Updated : May 11, 2020 06:06 pm IST

2019 में चेन्नई सुपर किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच के आखिरी पलों में धोनी पवेलियन से मैदान पर जाकर अंपायरों से बहस करने लग गए थे। धोनी का यह रवैया देख हर कोई हैरान था।   

When Dhoni had to apologize to umpires in IPL 2019, Mitchell Santner revealed - India TV Hindi
When Dhoni had to apologize to umpires in IPL 2019, Mitchell Santner revealed  Image Source : BCCI

आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करने वाले महेंद्र सिंह धोनी को हम उनके शांत स्वभाव के लिए जानते हैं, लेकिन वो भी इंसान ही है। कई बार ऐसा होता है जब धोनी को भी गुस्सा आ जाता है। ऐसा ही नजारा हमने आईपीएल 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच में देखा था। उस मैच के आखिरी पलों में धोनी पवेलियन से मैदान पर जाकर अंपायरों से बहस करने लग गए थे। धोनी का यह रवैया देख हर कोई हैरान था। 

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के खिलाड़ी मिशेल सेंटनर भी धोनी के इस रवैये को देखकर चौंक गए थे। उन्होंने कहा धोनी जब नॉ-बॉल के लिए मैदान पर जाकर अंपायरों से लड़ने लगे तो हर कोई हैरान था।

उस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को आखिरी ओवर में 18 रन जरूरत थी और राजस्थान की ओर से बेन स्टोक्स गेंदबाजी कर रहे थे। पहली गेंद पर तो जडेजा ने छक्का लगाया लेकिन अगली ही गेंद पर अर्धशतक बनाकर खेल रहे महेंद्र सिंह धोनी यॉर्कर गेंद पर आउट हो गए।

ये भी पढ़ें - कोरोना संकट के बीच बीसीसीआई को एक राजनेता बनकर करना चाहिए काम - गौतम गंभीर

आखिरी तीन गेंदों पर चेन्नई को 8 रनों की जरूरत थी तब बेन स्टोक्स ने एक फुलटॉस गेंद डाली जिसे अंपायर ने नॉ बॉल देने के लिए हाथ तो उठाया लेकिन अंत में उसे नॉ बॉल करार नहीं दिया। ऐसे में गुस्साए धोनी मैदान पर अंपायरों से बहस करने पहुंच गए।

उस समय क्रीज पर बल्लेबाजी कर रहे सेंटनर ने अपने आप को शांत रखा और आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर चेन्नई सुपर किंग्स को वो मैच जिताया। 

चेन्नई सुपर किंग्स के इंस्टाग्राम लाइव पर धोनी के उस किस्से के बारे में बात करते हुए सेंटनर ने कहा "मैं सभी की तरह हैरान था। धोनी काफी शांत खिलाड़ी है। लेकिन इससे पता चलता है कि वह अपनी टीम के लिए कितना समर्पित है। यह गुस्सा नहीं था, एक अंपायर ने अपना फैसला दे दिया तो वो उसे वापस नहीं ले सकता।"

ये भी पढ़ें - आखिर क्यों विराट कोहली को वेस्टइंडीज के इस गेंदबाज ने कहा था बच्चा, बताई ये वजह

सेंटनर ने आगे कहा "मुझे लगता है कि हम जीतें तो सभी चीजें अच्छी हुई, अगर ऐसा नहीं होता तो चीजें और खराब हो जाती। ये वो पल था जो सबको साथ लाता है। इसके बाद हमने कई मैच जीतें। अगर आप मैच जीतते हैं तो उससे आपका आत्मविश्वास बढ़ता है। यह परफेक्ट गेम नहीं था, लेकिन इससे अलग समय पर अलग खिलाड़ी उभरकर सामने आते हैं।"

सेंटनर ने इसी के साथ बताया कि धोनी ने मैच के बाद अंपायरों से माफी भी मांगी थी। सेंटनर ने कहा "मैच के बाद मैं बाहर गया तो मैंने देखा धोनी अंपायरों के साथ खड़े हुए हैं। उन्हें पता था कि उन्हें मैदान पर जाने की अनुमति नहीं है। इसके लिए उन्होंने सीधा माफी भी मांगी। धोनी की वजह से स्टोक्स प्रभावित हुए और उन्होंने मुझे छक्का लगाने के लिए एक अच्छी गेंद दी। मैं इससे काफी खुश हूं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल