1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2021 KKR vs SRH: नाइट्स ने प्लेऑफ की ओर बढ़ाया एक और कदम, हैदराबाद को 6 विकेट से हराया

IPL 2021 KKR vs SRH: नाइट्स ने प्लेऑफ की ओर बढ़ाया एक और कदम, हैदराबाद को 6 विकेट से हराया

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 03, 2021 11:10 pm IST,  Updated : Oct 03, 2021 11:39 pm IST

मैच में सनराइजर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 116 रनों का लक्ष्य रखा जिसे कोलकाता ने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

IPL 2021 KKR vs SRH: kolkata knight riders beat sunrisers...- India TV Hindi
IPL 2021 KKR vs SRH: kolkata knight riders beat sunrisers hyderabad by 6 wickets Image Source : IPLT20.COM

अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद शुभमन गिल के अर्धशतक की मदद से कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग प्लेऑफ में प्रवेश का दावा मजबूत कर दिया। अपने स्पिन आक्रमण के दम पर सनराइजर्स को आठ विकेट पर 115 रन पर रोकने के बाद केकेआर ने 19.4 ओवर में चार विकेट पर 119 रन बनाये।

धीमी और मुश्किल पिच पर सलामी बल्लेबाज गिल ने 51 गेंद में 10 चौकों की मदद से 57 रन बनाये जो मैच का सर्वोच्च स्कोर भी था। जीत के सूत्रधार हालांकि केकेआर के गेंदबाज खासकर स्पिनर सुनील नारायण, शाकिब अल हसन और वरूण चक्रवर्ती रहे जिन्होंने बीच के 12 ओवरों में सिर्फ 58 रन दिये और तीन विकेट चटकाये। इस जीत के बाद केकेआर के अब 13 मैचों में 12 अंक है।

चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर प्लेऑफ के लिये क्वालीफाई कर चुकी है । केकेआर चौथे स्थान पर है जबकि पंजाब किंग्स के 13 मैचों में और राजस्थान रॉयल्स तथा मुंबई इंडियंस के 12 मैचों में दस-दस अंक है। केकेआर का नेट रनरेट इन तीनों से बेहतर है। जीत के लिये आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने चार विकेट गंवाये।

गिल को सिद्धार्थ कौल ने जेसन होल्डर के हाथों लपकवाया। वेंकटेश अय्यर (8), राहुल त्रिपाठी (7) टिक नहीं सके। नीतिश राणा ने 25 रन की पारी खेली और वह होल्डर का दूसरा शिकार बने। दिनेश कार्तिक (नाबाद 18) और कप्तान इयाोन मोर्गन (नाबाद दो) ने टीम को जीत तक पहुंचाया। इससे पहले सनराइजर्स के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया जो गलत साबित हुआ। उनके विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे।

केकेआर के गेंदबाज टिम साउदी और स्पिनर चक्रवर्ती तथा नारायण के सामने कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका। प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी सनराइजर्स की शुरूआत बहुत खराब रही। रिधिमान साहा साउदी की दूसरी ही गेंद पर पगबाधा आउट हो गए और वह खाता भी नहीं खोल सके थे।

जेसन रॉय (10) चौथे ओवर में शिवम मावी की गेंद पर साउदी को कैच देकर लौटे। कप्तान केन विलियमसन ने 21 गेंद में 26 रन बनाये और वह क्रीज पर जमते नजर आ रहे थे लेकिन शाकिब अल हसन ने उन्हें पवेलियन भेजकर सनराइजर्स को सबसे करारा झटका दिया। सनराइजर्स का स्कोर 6.5 ओवर के बाद तीन विकेट पर 38 रन था। निचले क्रम पर प्रियम गर्ग (21) और अब्दुल समाद (25) ने साझेदारी बनाने की कोशिश की।

गर्ग को चक्रवर्ती ने डीप मिडविकेट पर राहुल त्रिपाठी के हाथों लपकवाया जबकि जैसन होल्डर (दो) उनके अगले ओवर में आउट हुए। समाद ने आखिरी पांच ओवरों में तीन छक्के लगाये लेकिन तेजी से रन बनाने के प्रयास में साउदी की गेंद पर शुभमन गिल को कैच दे बैठे।

RCB vs PBKS, IPL 2021 : आरसीबी ने पंजाब को 6 रन से हराया, प्लेऑफ में पहुंचने वाली बनी तीसरी टीम

भुवनेश्वर कुमार और सिद्धार्थ कौल सात सात रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर के लिये बीच के ओवरों में शाकिब और नारायण ने किफायती गेंदबाजी की । नारायण ने चार ओवर में 12 ही रन दिये। वहीं, शाकिब ने 20 रन देकर एक विकेट लिया। साउदी, मावी और चक्रवर्ती को दो दो विकेट मिले।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल