1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2021 : टूर्नामेंट के तीसरे मैच में केकेआर और सनराइजर्स के बीच है घमासान, जीत पर होगी दोनों की नजर

IPL 2021 : टूर्नामेंट के तीसरे मैच में केकेआर और सनराइजर्स के बीच है घमासान, जीत पर होगी दोनों की नजर

 Edited By: IANS
 Published : Apr 11, 2021 11:14 am IST,  Updated : Apr 11, 2021 11:14 am IST

नाइट राइडर्स और हैदराबाद के बीच अबतक 19 मुकाबले हुए हैं जिसमें से हैदराबाद की टीम ने सात जीते हैं जबकि 12 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 

Kolkata Knight Riders, SRH, IPL, IPL 2021, cricket, sports, India - India TV Hindi
IPL 2021, SRH vs KKR Match No-3 Image Source : INDIA TV

आईपीएल के 14वें सीजन में आज मजबूत सनराइजर्स हैदराबाद का सामना दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाना है। हैदराबाद की टीम पिछले सीजन में प्लेऑफ में पहुंची थी। 

नाइट राइडर्स और हैदराबाद के बीच अबतक 19 मुकाबले हुए हैं जिसमें से हैदराबाद की टीम ने सात जीते हैं जबकि 12 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि सभी विभागों की बात की जाए तो हैदराबाद की टीम ईयोन मोर्गन की कप्तानी वाली नाइट राइडर्स से ज्यादा मजबूत है।

यह भी पढ़ें- IPL 2021 Expert's Corner : पृथ्वी शॉ बन सकते हैं भविष्य में टीम इंडिया का सितारा- मनिंदर सिंह

हैदराबाद की टीम में तेज गेंदबाद भुवनेश्वर कुमार की वापसी से उसका गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है जिसमें पहले ही राशिद खान, जेसन होल्डर और टी. नटराजन शामिल हैं।

चोट के कारण भुवनेश्वर आईपीएल के पिछले सीजन में नहीं खेल सके थे। उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में बेहतर प्रदर्शन किया था।

नाइट राइडर्स का बल्लेबाजी आक्रमण पिछले सीजन में संघर्ष करता रहा था और उसके लिए हैदराबाद के तेज और स्पिन आक्रमण से पार पाना कड़ी चुनौती होगी। नाइट राइडर्स के विस्फोटक ऑलराउंडर आंद्रे रसेल पिछले सीजन में बल्ले से उम्दा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे थे।

नाइट राइडर्स के लिए बल्लेबाजी में मोर्गन, शाकिब अल हसन, शुभमन गिल और रसेल पर दारोमदार होगा जिससे वह हैदराबाद के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा कर सके।

यह भी पढ़ें- IPL 2021 : दिल्ली के हाथों मिली हार के बाद धोनी को लगा एक और बड़ा झटका, देना होगा 12 लाख का फाइन

नाइट राइडर्स की गेंदबाजी उसका मजबूत पक्ष है, विशेषकर स्पिन आक्रमण। सुनील नारायण के अलावा उन्होंने टीम में हरभजन सिंह को भी शामिल किया है जबकि वरूण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और शाकिब भी टीम में हैं।

इसके अलावा पैट कमिंस भी गेंदबाजी विभाग में धार देंगे। नाइट राइडर्स को अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रीत करने की जरूरत है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं :

हैदराबाद : डेविड वार्नर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, बासिल थम्पी, भुवनेश्वर कुमार, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), केन विलियम्सन, मनीष पांडे, मोहम्मद नबी, राशिद खान, संदीप शर्मा, शाहबाज नदीम, श्रीवत्स गोस्वामी, सिद्धार्थ कौल, खलील अहमद, टी. नटराजन, विजय शंकर, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), अब्दुल समद, जेसन रॉय, जेसन होल्डर, प्रियम गर्ग, विराट सिंह, केदार जाधव, मुजीब उर रहमान और जे. सुचित।

नाइट राइडर्स : शुभमन गिल, नीतीश राणा, टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), राहुल त्रिपाठी, रिंकू सिंह, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), ईयोन मोर्गन (कप्तान), आंद्रे रसेल, सुनील नारायण, वरूण सीवी, कुलदीप यादव, पैट कमिंस, लौकी फग्र्यूसन, कमलेश नागरकोटी, शिवम मावी, संदीप वारियर, प्रसिदंध कृष्णा, शाकिब अल हसन, शेल्डन जैक्सन, वैभव अरोड़ा, करूण नायर, हरभजन सिंह, बेन कटिंग, वेंकटेश अय्यर और पवन नेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल