1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2022: मुंबई इंडियंस का सबसे महंगा दांव इस तरह हुआ फ्लॉप, 8 पारियों में ऐसे गिरा 15.25 करोड़ के ईशान किशन का ग्राफ

IPL 2022: मुंबई इंडियंस का सबसे महंगा दांव इस तरह हुआ फ्लॉप, 8 पारियों में ऐसे गिरा 15.25 करोड़ के ईशान किशन का ग्राफ

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Apr 25, 2022 04:18 pm IST,  Updated : Apr 25, 2022 04:59 pm IST

ईशान किशन ने इस सीजन की अभी तक 8 पारियों में 199 रन बनाए हैं। पहली दो पारियों में उन्होंने 135 रन बनाए थे। इसके बाद से अगले 6 मैचों में उनका स्ट्राइक रेट और परफॉर्मेंस गिरता गया।

रोहित शर्मा, आकाश...- India TV Hindi
रोहित शर्मा, आकाश अंबानी, ईशान किशन (Left To Right) Image Source : ट्विटर, IPL

Highlights

  • मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 में बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
  • शुरुआती आठों मैच हारकर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई मुंबई
  • ईशान किशन-रोहित शर्मा की जोड़ी रही बुरी तरह फ्लॉप

मुंबई इंडियंस पांच बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के खिताब पर कब्जा कर चुकी है। लेकिन मौजूदा 2022 सत्र में इस टीम का जो हाल है वो शायद किसी भी क्रिकेट फैन ने नहीं सोचा होगा। टीम लगातार आठ मैच गंवा चुकी है। कुल 14 मैच इस सीजन में एक टीम को खेलने हैं। लिहाजा अंतिम-4 की रेस से बाहर होने के बाद अभी तक टीम का खाता भी नहीं खुला है। इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद सबसे ज्यादा आलोचनाओं का शिकार होना पड़ रहा है टीम द्वारा मेगा ऑक्शन में खरीदे गए सबसे महंगे खिलाड़ी ईशान किशन को।

ईशान किशन को फ्रेंचाइजी 15.25 करोड़ रुपए की भारी-भरकम कीमत पर खरीदा था। वह मेगा ऑक्शन में बिके सबसे महंगे खिलाड़ी भी थे। अपनी कीमत के अनुसार उन्होंने सीजन की शुरुआत भी की। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले मुकाबले में उनका बल्ला खूब गरजा और उन्होंने 48 गेंदों पर 81 रनों की पारी खेली। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी उन्होंने अर्धशतक जड़ा और 43 गेंदों पर 54 रन बनाए। इसके बाद मानों उन्हें सांप सूंघ गया हो।

ईशान ने शुरुआती दो मैचों में 135 रन बना लिए थे। वह ऑरेंज कैप की रेस में भी थे लेकिन इसके बाद अगले 6 मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ 64 रन ही निकले। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी हर मैच में 100 से नीचे का ही रहा। यही कारण है कि अब ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी को टीम की लगातार हार के बाद आलोचनाओं का शिकार होना पड़ रहा है। मुंबई के इस खराब प्रदर्शन के लिए सबसे बड़ा जिम्मेदार ओपनिंग जोड़ी को ही माना जा रहा है।

ईशान किशन के प्रदर्शन पर एक नजर

  1. vs दिल्ली कैपिटल्स- 81 (48)
  2. vs राजस्थान रॉयल्स- 54 (43)
  3. vs केकेआर- 14 (21)
  4. vs आरसीबी- 26 (28)
  5. vs पंजाब किंग्स- 3 (6)
  6. vs लखनऊ सुपर जायंट्स- 13 (17)
  7. vs चेन्नई सुपर किंग्स- 0 (1)
  8. vs लखनऊ सुपर जायंट्स- 8 (20)

यह भी रहे मुंबई की हार के प्रमुख कारण

ईशान किशन के अलावा उनके साथी ओपनर और कप्तान रोहित शर्मा भी इस सीजन खास रंग में नहीं नजर आए हैं। उन्होंने 8 मैचों में 19.13 के औसत और 126.44 के स्ट्राइक रेट से 153 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से इस सीजन में अभी तक एक भी अर्धशतक नहीं निकला है। इसके अलावा गेंदबाजी आक्रमण कमजोर होने का भी खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा है। जसप्रीत बुमराह (8 मैच 5 विकेट) को दूसरी तरफ से किसी भी गेंदबाज का साथ नहीं मिला। वहीं खुद बुमराह भी विकेट निकालने में नाकामयाब रहे।

LSG vs MI: लगातार 8 हार के बाद खुली मुंबई की नींद, कोच अब करने जा रहें हैं टीम में ये बदलाव

मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। वहीं इसी टीम के नाम अब लगातार सबसे ज्यादा शुरुआती मैच हारने का भी अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। पॉइंट्स टेबल में यह टीम आखिरी यानी 10वें स्थान पर है। शुरुआती सभी 8 मैच हारकर टीम की अब अंतिम-4 में पहुंचने की उम्मीदें भी खत्म हो गई हैं। लगातार 8 हार के बाद अब टीम की कोशिश होगी सम्मान बचाने के लिए जल्द से जल्द सीजन की पहली जीत दर्ज करे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल