1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रियो ओलम्पिक: भारत की महिला गोल्फर अदिति 41वें स्थान पर रहीं

रियो ओलम्पिक: भारत की महिला गोल्फर अदिति 41वें स्थान पर रहीं

 Written By: IANS
 Published : Aug 21, 2016 10:29 am IST,  Updated : Aug 21, 2016 10:29 am IST

भारत की महिला गोल्फ खिलाड़ी अदिति अशोक रियो ओलम्पिक में 41वें स्थान पर रहीं।

aditi ashok- India TV Hindi
aditi ashok

रियो डी जनेरियो: भारत की महिला गोल्फ खिलाड़ी अदिति अशोक रियो ओलम्पिक में 41वें स्थान पर रहीं। अदिति ने पहली बार ओलम्पिक में हिस्सा लेते हुए अंतिम दौर में शनिवार को फाइव ओवर 76 का कार्ड खेला और। 72 होल के बाद उनका कुल स्कोर सेवन ओर 291 रहा। 18 साल की अदिति ने शुरुआती दो दिनों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 अंडर 68 के कार्ड खेले थे लेकिन बाद में उनका प्रदर्शन गिरता चला गया। दूसरे दौर की समाप्ति के बाद वह संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर थीं लेकिन तीसरे दौर की समाप्ति के बाद वह 31वें स्थान पर खिसक गई थीं।

अदिति ने स्पर्धा की शुरुआत अच्छी की थी और शुरुआती दो चरणों तक वह शीर्ष-10 में बनी हुई थीं। दूसरे राउंड के दौरान तो वह एक समय संयुक्त रूप से शीर्ष पर आ गई थीं, लेकिन तीसरे और चौथे राउंड में उनके प्रदर्शन में काफी गिरावट आई, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।

स्पर्धा में सबसे कम उम्र की प्रतिभागी अदिति ने पहले और दूसरे राउंड में 3 अंडर 68 का समान स्कोर हासिल किया, लेकिन तीसरे राउंड में वह 8 ओवर 79 का स्कोर कर सकीं।

स्पर्धा का स्वर्ण दक्षिण कोरिया की इनबी पार्क ने हासिल किया। पार्क ने (66, 66, 70, 66) 268 के ओवरऑल स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि न्यूजीलैंड की लाइडिया को ने 273 (69, 70, 65, 69) के ओवरऑल स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

चीन की शानशान फेंग ने 274 का ओवरऑल स्कोर हासिल करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। फेंग ने पहले राउंड में 70, दूसरे राउंड में 67, तीसरे राउंड में 68 और चौथे राउंड में 69 का स्कोर हासिल किया।

शुरुआती राउंड से अदिति ने आशा जगाई थी, लेकिन आखिरी के दो राउंड उनके बेहद खराब रहे। पहले राउंड में अदिती जहां एक भी शॉट नहीं चूकीं, वहीं दूसरे राउंड में उन्होंने सिर्फ एक बोगी लगाई थी। हालांकि चौथे राउंड में स्थिति बिल्कुल इसके उलट थी और वह पूरे दिन एक भी बर्डी हासिल नहीं कर पाईं।

गोल्फ को 116 साल के बाद ओलम्पिक में शामिल किया गया था। पुरुष वर्ग में भी भारत ने चुनौती पेश की थी लेकिन एसएसपी चौरसिया और अनिर्बान लाहिरी ने बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल