शिलॉन्ग: आईजोल FC ने रविवार को शिलॉन्ग लाजोंग FC को 1-1 की बराबरी पर रोकते हुए इस साल का आई-लीग खिताब जीत लिया है। आईजोल ने इसके साथ इतिहास रच दिया है। यह आई-लीग खिताब जीतने वाला पूर्वोत्तर का पहला फुटबॉल क्लब बन गया है।
आईजोल को आई-लीग अपने नाम करन के लिए लाजोंग के खिलाफ ड्रॉ खेलना था लेकिन लाजोंग ने पहला गोल करते हुए आईजोल की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। लाजोंग के लिए मैच का पहला गोल नौवें मिनट में सेंटर फॉरवर्ड एसेर पेरेक डिपांडा ने हेडर के जरिए एक बेहतरीन गोल किया।
इसके बाद आईजोल ने अपने खेल का स्तर ऊंचा किया और हावी रहा। उसके लिए बराबरी का गोल 67वें मिनट में विलियन लालरूनफेला ने किया। मोहन बगान ने इसके साथ ही कोलकाता में चल रहे एक अन्य मैच में चेन्नै सिटी एफसी को 2-1 से हराया, लेकिन आइजोल एफसी को खिताब जीतने से नहीं रोक पाए।
आईजोल ने इसके साथ ही टूर्नमेंट का अंत 37 अंक के साथ किया, जबकि मोहन बागान की टीम 36 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। आइजोल की यह उपलब्धि इसलिए भी काफी मायने रखती है क्योंकि उसका कुल बजट सिर्फ 2 करोड़ रुपये था, जबकि बगान इतने पैसे अपने फुटबॉलर सोनी नोर्डे को देता है।