1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ऑस्ट्रेलियन ओपन के तीसरे दौर में पहुंचे नोवाक जोकोविच

ऑस्ट्रेलियन ओपन के तीसरे दौर में पहुंचे नोवाक जोकोविच

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 18, 2018 04:14 pm IST,  Updated : Jan 18, 2018 04:14 pm IST

जोकोविच ने पहला सेट गंवाने के बाद जीत दर्ज की।

नोवाक जोकोविच- India TV Hindi
नोवाक जोकोविच

छह बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच ने बेहद गर्मी के बीच अपनी फिटनेस की परीक्षा देते हुए गेल मोनफिल्स को चार सेट में हराकर ऑस्ट्रेलिया ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के तीसरे दौर में जगह बनाई। जोकोविच ने पहला सेट गंवाने के बाद जीत दर्ज की। उन्होंने इसके साथ ही मोनफिल्स के खिलाफ अपना रिकार्ड 15-0 कर दिया जो टूर स्तर पर सबसे लंबे विजयी क्रम में से एक है। 

जोकोविच ने रोड लावेर एरेना में तेज गर्मी के बीच दो घंटे और 45 मिनट में 4-6, 6-3, 6-1, 6-3 से जीत दर्ज की। बारह बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन जोकोविच को तीसरे दौर में स्पेन के 21वें वरीय अल्बर्ट रामोस विनोलास के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले उबरने के लिए एक दिन का समय मिलेगा। जोकोविच ने जीत दर्ज करने के बाद कोर्ट पर ही कहा, ‘‘ये काफी कड़े हालात थे और हम दोनों को जूझना पड़ा। ये हम दोनों के लिए बड़ी चुनौती थे।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘गेल हमारे खेल में सर्वश्रेष्ठ एथलीटों में से एक है लेकिन दूसरे और तीसरे सेट में वह अपनी सर्वश्रेष्ठ स्थिति में नहीं था। यह बस वहां खड़े रहकर प्रत्येक मौके का फायदा उठाने से जुड़ा था।’’ दायीं कोहनी की स्थिति के बारे में पूछने पर जोकोविच ने कहा, ‘‘यह अब भी शत प्रतिशत नहीं है लेकिन इसमें सुधार हो रहा है। मैं जो करने में सक्षम हूं उस पर मेरा काफी विश्वास और भरोसा है।’’ सर्बिया के दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच कोहनी की चोट के कारण छह महीने तक प्रतिस्पर्धी टेनिस से दूर रहे थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल