सियोल: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अजय जयराम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को छह लाख डॉलर इनामी राशि वाले कोरिया ओपन सुपरसीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। जयराम ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 26वीं विश्व वरीयता प्राप्त जापान के शो सासाकी को एक घंटे छह मिनट में 21-19, 16-21, 21-16 से हराया।
32वीं विश्व वरीयता प्राप्त जयराम ने इस जीत के साथ सासाकी के खिलाफ अपनी जीत हार का आंकड़ा 2-2 कर लिया।
जयराम अब सेमीफाइनल में चीनी ताइपे के चोऊ तिएन चेन का सामना करेंगे। सातवीं विश्व वरीयता प्राप्त तिएन चेन के खिलाफ भी जयराम की जीत-हार का आंकड़ा 2-2 का है।
क्वार्टर फाइनल में मैच में दो गेम तक स्कोर 1-1 से बराबर रहने के बाद तीसरे निर्णायक गेम में सासाकी ने शुरुआती बढ़त हासिल कर ली।
हालांकि जयराम ने 6-9 से पिछड़ने के बाद स्कोर 12-12 से बराबर कर लिया। इसके बाद जयराम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपनी बढ़त का अंतर लगातार बढ़ाते रहे।