1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ISL-6 : 100वें मैच में जीत दर्ज कर एक बार फिर टॉप पर पहुंचा गोवा

ISL-6 : 100वें मैच में जीत दर्ज कर एक बार फिर टॉप पर पहुंचा गोवा

 Reported By: IANS
 Published : Jan 08, 2020 10:34 pm IST,  Updated : Jan 08, 2020 10:37 pm IST

मेजबान एफसी गोवा ने बुधवार को यहां जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन के मैच में नॉर्थईस्ट युनाइटेड को 2-0 से हराकर अंकतालिका में फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

ISL- India TV Hindi
ISL-6 : 100वें मैच में जीत दर्ज कर एक बार फिर टॉप पर पहुंचा गोवा  Image Source : ISL/TWITTER

फातोर्दा (गोवा)| मेजबान एफसी गोवा ने बुधवार को यहां जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन के मैच में नॉर्थईस्ट युनाइटेड को 2-0 से हराकर अंकतालिका में फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। गोवा ने 68वें मिनट में मिस्लव कोमोरस्की के आत्मघाती गोल से 1-0 की बढ़त बना ली और फिर उसने 82वें मिनट में पेनाल्टी पर फेरान कोरोमिनास के गोल से 2-0 से मैच जीत लिया।

कोरोमिनास का सीजन का यह आठवां गोल है और इस सीजन में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में वह एटीके के रॉय कृष्णा के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। दोनों के अब आठ-आठ गोल हो गए हैं।

गोवा का आईएसएल के इतिहास में अपने 100वें मैच में यह 100वां गोल था। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेला गया आईएसएल का यह 50वां मैच था। एफसी गोवा की 12 मैचों में यह सातवीं जीत है और टीम के अब 24 अंक हो गए हैं तथा वह अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गई हैं। वही, नॉर्थईस्ट युनाइटेड को 10 मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है और टीम 11 अंकों के साथ आठवें नंबर पर हैं।

गोवा ने पहले हाफ में कई मौके बनाए, लेकिन टीम बढ़त हासिल नहीं कर पाई। 38वें मिनट में गोवा के ब्रेंडन फर्नाडिज को पीला कार्ड दिखाया गया। ब्रेंडन को इस सीजन में चौथी बार पीला कार्ड मिला है और अब वह अगले मैच में नहीं खेल पाएंगे।

दूसरे हाफ के शुरू होने के बाद गोवा के लिए गोल करने की संभावना ज्यादा बढ़ गई क्योंकि टीम ने इस सीजन में घरेलू मैच के दूसरे हाफ में अब तक सबसे ज्यादा सात गोल किए थे।

दूसरे हाफ के शुरू होने के बाद 68वें मिनट में नॉर्थईस्ट युनाइटेड के डिफेंडर मिस्लव कोमोरस्की से बड़ी गलती हो गई और वह आत्मघाती गोल कर बैठे। कोमोरस्की गोवा के जैकीचंद के शॉट को क्लीयर करने के प्रयास में बॉल को अपने ही नेट में मार बैठे। नॉर्थईस्ट युनाइटेड के गोलकीपर पवन कुमार ने इसे रोकने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बाजुओं के नीचे से निकल गई और इस तरह कोमोरस्की के गोल ने गोवा को मैच में 1-0 की बढ़त दिला दी।

इसके बाद 80वें मिनट में नॉर्थईस्ट के जोस ल्यूडो को रेड कार्ड थमा दिया गया। ल्यूडो को यह रेड कार्ड बॉक्स के अंदर कोरोमिनास को गिराने के कारण दिया गया, जोकि सीजन का उनका दूसरा रेड कार्ड था।

ल्यूडो को रेड कार्ड दिखाने के बाद 82वें मिनट में रेफरी ने गोवा को पेनाल्टी दे दिया और कारोमिनास ने इसे गोल में तब्दील करके एफसी गोवा को 2-0 से आगे कर दिया। कारोमिनास का गोवा के लिए यह 49वां गोल था। गोवा ने इस स्कोर को कायम रखते हुए 2-0 से मैच जीत लिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल