1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एफआईएच हॉकी सीरिज फाइनल्स: जापान को 7-2 से हराकर भारतीय हॉकी टीम ने हासिल की दोहरी सफलता

एफआईएच हॉकी सीरिज फाइनल्स: जापान को 7-2 से हराकर भारतीय हॉकी टीम ने हासिल की दोहरी सफलता

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 14, 2019 11:37 pm IST,  Updated : Jun 14, 2019 11:37 pm IST

भारत का सामना अब शनिवार को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से होगा जबकि जापान तीसरे स्थान के प्लेऑफ मुकाबले में अमेरिका से खेलेगा। 

भारतीय हॉकी टीम - India TV Hindi
भारतीय हॉकी टीम  Image Source : @THEHOCKEYINDIA/TWITTER

भुवनेश्वर। भारत ने एशियाई खेलों की चैम्पियन जापान को 7-2 से हराकर एफआईएच हॉकी सीरिज फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में जगह बनाते हुए इस साल के आखिर में होने वाले ओलंपिक क्वालीफायर में जगह भी पक्की कर ली। 

चोट के कारण लंबे समय हाकी से दूर रहे रमनदीप सिंह ने 23वें और 37वें मिनट में गोल दागा जबकि हरमनप्रीत सिंह (सातवां), वरूण कुमार (14वां) , हार्दिक सिंह (25वां), गुरसाहिबजीत सिंह (43वां) और विवेक सागर प्रसाद (47वां) ने एक-एक गोल किये। जापान के लिये केंजी किताजातो (दूसरा) और कातो वातानाबे (20वां) ने गोल दागे। 

भारत का सामना अब शनिवार को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से होगा जबकि जापान तीसरे स्थान के प्लेऑफ मुकाबले में अमेरिका से खेलेगा। 

दक्षिण अफ्रीका ने पहले सेमीफाइनल में अमेरिका को 2-1 से हराया था। टूर्नामेंट में पहली बार दुनिया की 18वें नंबर की टीम जापान ने भारतीय डिफेंस को आजमाया। जापान ने दूसरे ही मिनट में जवाबी हमले पर बढत बना ली। किताजातो ने भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को छकाकर गोल दागा। 

इसके बाद भारतीयों ने जवाबी हमले में कई मौके बनाये। युवा गुरसाहिबजीत सिंह ने पांचवें मिनट में सुनहरा मौका गंवाया जब नीलकांता शर्मा और रमनदीप ने उन्हें पास दिया था। 

दो मिनट बाद भारत को दो पेनल्टी कार्नर मिले और हरमनप्रीत ने दूसरे पर बराबरी का गोल दागा। भारत को 14वें मिनट में लगातार तीन शार्ट कार्नर मिला। इस बार वरूण ने गोल करके भारत को बढत दिलाई। जापान ने हालांकि जवाबी हमले में 20वें मिनट में बराबरी का गोल कर दिया। इसके तीन मिनट बाद रमनदीप ने भारत को फिर बढत दिलाई। हार्दिक ने जल्दी ही स्कोर 4-2 कर दिया। 

इसके बाद गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल करते हुए जापान के कई गोल बचाये। रमनदीप ने 37 वें मिनट में रिबाउंड पर गोल दागा। इसके बाद गुरसाहिबजीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने गोल करके भारत को विशाल जीत दिलाई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल