लंदन: चैम्पियंस ट्रॉफी-2016 के दूसरे दिन शनिवार को एशियाई चैम्पियन भारत तथा ऑस्ट्रेलिया को जहां जीत मिली वहीं मौजूदा चैम्पियन जर्मनी को लगातार दूसरी बार ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। क्वीन एलिजाबेथ ओलम्पिक पार्क स्टेडियम में जारी इस टूर्नामेंट में ब्रिटेन पर मिली जीत ने जहां भारत को छह टीमों की तालिका में सबसे उपर ला दिया है वहीं ऑस्ट्रेलिया भी दक्षिण कोरिया पर मिली 4-2 की जीत के साथ इसके बराबरी पर है।
41वें मिनट तक 2-4 से पीछे चल रही जर्मन टीम ने एक और हार को टालते हुए अंक साझा किए। भारत के खिलाफ भी शुक्रवार को वह एक समय 1-3 से पीछे चल रही थी लेकिन अंतिम 10 मिनट में उसने दो गोल करते हुए बराबरी किया था। बहरहाल, शुक्रवार को ब्रिटेन के साथ 0-0 से ड्रॉ खेलने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शनिवार को दक्षिण कोरिया को हराकर अपने खाते में पूरे अंक डाले। आस्ट्रेलिया की ओर से ब्लेक गोवर्स ने 27वें, एडी ओकेनडेन ने 37वें, ट्रेंट मिटन ने 51वें और ग्लेन टर्नर ने 60वें मिनट में गोल किए।
कोरिया टीम ने 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जुहुन किम द्वारा 38वें तथा जुंगजुन ली द्वारा 45वें मिनट में किए गए गोल की मदद से बराबरी कर ली लेकिन ऑस्ट्रेलिया के अनुभव के आगे उसकी एक न चली और उसे पहली हार स्वीकार करनी पड़ी। कोरिया ने अपने पहले मैच में हालांकि बेल्जियम पर 2-0 से शानदार जीत हासिल की थी।
रविवार को आराम का दिन है और सोमवार को कोरिया का सामना ब्रिटेन से होगा, जिसे शनिवार को भारत ने 2-1 से हराया था। दिन के दूसरे मैच में जर्मनी का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। यह मैच जर्मनी के लिए काफी अहम होगा। तीसरे मैच में भारत की टीम बेल्जियम से भिड़ेगी।