1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सुल्तान अजलन शाह: भारत ने कनाडा को 3-1 से हराया

सुल्तान अजलन शाह: भारत ने कनाडा को 3-1 से हराया

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 10, 2016 09:46 pm IST,  Updated : Apr 10, 2016 09:46 pm IST

भारत ने गोल करने के कई मौके गंवाए लेकिन दूसरे हाफ में दो गोल की बदौलत 25वें सुल्तान अजलन शाह कप हाकी टूर्नामेंट में कनाडा को 3-1 से हराने में सफल रहा।

azlan shah- India TV Hindi
azlan shah

इपोह (मलेशिया): भारत ने गोल करने के कई मौके गंवाए लेकिन दूसरे हाफ में दो गोल की बदौलत 25वें सुल्तान अजलन शाह कप हाकी टूर्नामेंट में कनाडा को 3-1 से हराने में सफल रहा। शुरूआती बढ़त बनाने के बावजूद भारत विरोधी टीम पर दबाव बनाने में विफल रहा लेकिन टीम तीन मैचों में दूसरी जीत दर्ज करने में सफल रही।

चंदन थिमैया ने तीसरे ही मिनट में भारत को बढ़त दिलाईर् लेकिन कीगन परेरा ने कनाडा को 23वें मिनट में बराबरी दिला दी। मध्यांतर तक स्कोर 1-1 से बराबर था। हरमनप्रीत सिंह ने इसके बाद 41वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर गोल दागा जबकि तलविंदर सिंह ने 67वें मिनट में सरदार सिंह के पास पर गोल करके भारत की जीत सुनिश्चित की।

तीन मैचों में छह अंक के साथ भारत अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। आस्ट्रेलिया तीन मैचों में तीन जीत से नौ अंक के साथ शीर्ष पर है। न्यूजीलैंड चार मैचों में आठ अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। इससे पहले आज आस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 4-0 से हराया जबकि न्यूजीलैंड ने जापान को 4-1 से शिकस्त दी। कनाडा के खिलाफ आज भारतीय डिफेंस काफी दबाव में दिखा। इन दोनों ही टीमों को रियो ओलंपिक में ग्रुप बी में रखा गया है।

गोलकीपर हरजोत सिंह ने बड़ी गलती करते हुए पहला पेनल्टी कार्नर गंवाया लेकिन इसके बाद उन्होंने कुछ अच्छे बचाव किए। दूसरे क्वार्टर में अंकित चिक्ते ने उनकी जगह ली। दोनों गोलकीपर ने कनाडा के चार अच्छे प्रयासों को नाकाम किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल