1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. बैडमिंटन: भारत सुदीरमन कप से बाहर

बैडमिंटन: भारत सुदीरमन कप से बाहर

 Written By: IANS
 Published : May 26, 2017 05:26 pm IST,  Updated : May 26, 2017 05:26 pm IST

भारतीय बैडमिंटन टीम एक बार फिर सुदीरमन कप में चीन की चुनौती को पार नहीं कर पाई और शुक्रवार को मिश्रित टीम चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में हार कर बाहर हो गई।

Satwiksairaj Rankireddy(R)/Ashwini Ponnappa- India TV Hindi
Satwiksairaj Rankireddy(R)/Ashwini Ponnappa

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया): भारतीय बैडमिंटन टीम एक बार फिर सुदीरमन कप में चीन की चुनौती को पार नहीं कर पाई और शुक्रवार को मिश्रित टीम चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में हार कर बाहर हो गई। इससे पहले भारतीय टीम 2011 में इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी। तब भी चीन ने उसका रास्ता रोका था।

भारतीय टीम अपने शुरू के तीनों मैच हार गई। इसके बाद बाकी दो मुकाबलों, महिला एकल वर्ग में पी.वी.सिंधु और महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा-एन. सिक्की रेड्डी की जोड़ी के मैचों से परिणाम पर असर नहीं पड़ना था, इसलिए यह दोनों मुकाबले खेले नहीं गए। 

मिश्रित युगल के पहले मैच में पोनप्पा और सात्विकसाईराज रानिकिरेड्डी की जोड़ी को लु काई और हुयांग याकिओंग की जोड़ी ने 16-21, 21-13, 21-16 से मात दी। इसी के साथ चीन ने 1-0 की बढ़त ले ली। 

भारतीय जोड़ी तीसरे गेम तक मैच को ले जाने में सफल रही लेकिन मैच नहीं बचा पाई। 

पुरुष एकल में किदाम्बी श्रीकांत दो बार के ओलम्पिक विजेता चेन लोंग की कड़ी चुनौती का सामना नहीं कर पाए और सीधे गेमों में 16-21, 17-21 से हार गए। यह मैच 48 मिनट तक चला। 

भारत के लिए अगला पुरुष युगल का मैच करो या मरो वाला था, लेकिन सात्विकसाइराज और चिराग शेट्टी, फु हाईफेंग और झांग नान की जोड़ी से पार नहीं पा सके। चीनी जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 30 मिनट तक चले मुकाबले में 21-9, 21-11 से मात दी। 

इसी के साथ चीन ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल