1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. पाकिस्तान के खिलाफ भारत का डेविस कप मुकाबला नवंबर तक स्थगित

पाकिस्तान के खिलाफ भारत का डेविस कप मुकाबला नवंबर तक स्थगित

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 22, 2019 09:20 pm IST,  Updated : Aug 22, 2019 09:20 pm IST

आईटीएफ ने कहा कि यह मुकाबला अब नवंबर में होगा और इसकी तारीखों की पुष्टि समिति नौ सितंबर तक करेगी।

पाकिस्तान के खिलाफ भारत का डेविस कप मुकाबला नवंबर तक स्थगित - India TV Hindi
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का डेविस कप मुकाबला नवंबर तक स्थगित  Image Source : TWITTER

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) ने सुरक्षा समीक्षा के बाद पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले भारत के डेविस कप मुकाबले को गुरुवार को नवंबर तक स्थगित कर दिया। यह मुकाबला इस्लामाबाद में 14-15 सितंबर को होना था। 

आईटीएफ ने कहा कि वह ‘असाधारण परिस्थितियों’ में मुकाबले को स्थगित कर रहा है। आईटीएफ ने बयान में कहा, ‘‘स्वतंत्र विशेषज्ञ सुरक्षा सलाहकारों द्वारा पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति की गहन सुरक्षा समीक्षा के बाद डेविस कप समिति ने भारत और पाकिस्तान के बीच इस्लामबाद में 14-15 सितंबर को होने वाले डेविस कप एशिया/ओसियाना ग्रुप एक मुकाबले को स्थगित करने का फैसला किया है।’’

बयान के अनुसार, ‘‘समिति निष्कर्ष पर पहुंची है कि यह असाधारण परिस्थिति है और आईटीएफ की पहली प्राथमिकता खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की सुरक्षा है।’’ आईटीएफ ने कहा कि यह मुकाबला अब नवंबर में होगा और इसकी तारीखों की पुष्टि समिति नौ सितंबर तक करेगी। आईटीएफ ने कहा, ‘‘आईटीएफ पाकिस्तान की स्थिति की निगरानी जारी रखेगा और डेविस कप समिति मुकाबले को लेकर सुरक्षा स्थिति के पुन: मूल्यांकन के लिए दोबारा बैठक करेगी।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल