1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया और रवि कुमार ने हासिल किया टोक्यो ओलंपिक का टिकट

भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया और रवि कुमार ने हासिल किया टोक्यो ओलंपिक का टिकट

 Reported By: IANS
 Published : Sep 19, 2019 04:22 pm IST,  Updated : Sep 19, 2019 04:35 pm IST

भारत के दो पहलवान बजरंग पुनिया और रवि कुमार ने टोक्यो ओलंपिक का कोटा हासिल कर लिया है।

भारतीय पहलवान बजरंग...- India TV Hindi
भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया और रवि कुमार ने हासिल किया टोक्यो ओलंपिक का टिकट Image Source : TWITTER

नूर सुल्तान (कजाकिस्तान)| दुनिया के नंबर-1 भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया (65 किग्रा) और रवि कुमार (57 किग्रा) ने यहां जारी विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप का क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतने के साथ ही अगले साल होने वाले टोक्यो ओलम्पिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

पिछली बार विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले बजरंग ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कोरिया के जोंग चोलसोन को 8-1 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया और अपना पहला ओलम्पिक कोटा हासिल किया। सेमीफाइनल में बजरंग का सामना कजाकिस्तान के दायलेट नियाजबेकोव से होगा।

बजरंग ने इससे पहले इस चैम्पियनशिप के अपने पहले मुकाबले में पहलवान क्रिज्सिटोफ बीनकोवस्की को 9-2 से करारी शिकस्त देकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। प्री-क्वार्टर फाइनल में फिर उन्होंने स्लोवाकिया के डेविड हबाट को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में कदम रखा था।

वहीं, रवि ने क्वार्टर फाइनल में पूर्व विश्व चैम्पियन और 2017 के एशियाई चैम्पियन जापान के यूकी ताकाहाशी को 6-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया और साथ ही भारत को टोक्यो ओलम्पिक का दूसरा कोटा भी दिलाया। रवि सेमीफाइनल में रूस के जवुर यूगेव से भिड़ेगे।

रवि ने मुकाबले में अच्छी शुरूआत की और पहले 2-0 की बढ़त बनाने के बाद 4-1 की बढ़त ले ली। उन्होंने इसके बाद 6-1 से मुकाबला जीतकर अंतिम चार में प्रवेश कर लिया और ओलंपिक टिकट भी कटा लिया।

रवि ने इससे पहले, प्री-क्वार्टर फाइनल में अर्मेनिया के आर्सेन हारुतयुनयान को 18-6 से करारी मात देकर अंतिम आठ में प्रवेश किया था। उन्होंने दिन के अपने पहले मुकाबले में कोरिया के किम सुंग ग्वोन को एकतरफा अंदाज में 11-0 से शिकस्त देकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल