1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ISL-6 : बलवंत के दमपर एटीके ने नार्थ ईस्ट को हराकर शीर्ष पर किया कब्ज़ा

ISL-6 : बलवंत के दमपर एटीके ने नार्थ ईस्ट को हराकर शीर्ष पर किया कब्ज़ा

 Reported By: IANS
 Published : Jan 28, 2020 08:53 am IST,  Updated : Jan 28, 2020 08:53 am IST

एटीके ने बलवंत सिंह द्वारा किए गए गोल की मदद से नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 1-0 से हराते हुए अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है।

Atletico DE Kolkata- India TV Hindi
Atletico DE Kolkata Image Source : TWITTER- @INDSUPERLEAGUE

कोलकाता| दो बार की विजेता एटीके ने सोमवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में स्टापेज टाइम के अंतिम मिनट में बलवंत सिंह द्वारा किए गए गोल की मदद से नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 1-0 से हराते हुए अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। साल्ट लेक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जीत हासिल करने के बाद अब एटीके के 27 अंक हो गए हैं।

एफसी गोवा के भी इतने ही अंक हैं लेकिन बेहतर गोल अंतर ने एटीके को पहले स्थान पर पहुंचा दिया है। दुर्भाग्य ने फिर हाईलैंडर्स का साथ नहीं छोड़ा और गोल न खाने के तमाम प्रयासों के बावजूद वह सीजन की पांचवीं हार को मजबूर हुई। यह टीम 11 अंकों के साथ नौवें स्थान पर है।

पहला हाफ गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ। एटीके का इस हाफ में वर्चस्व रहा और इस हाफ का सबसे बड़ा और करीबी मौका 39वें मिनट में देखने को मिला जब दो बार के एटीके के कप्तान और फिजियन स्ट्राइकर राय कृष्णा हाईलैंडर्स के गोलकीपर सुभाशीष राय के साथ वन-ऑन-वन पर गोल नहीं कर पाए।

नार्थईस्ट युनाइटेड की टीम ने भी अच्छा खेल दिखाया लेकिन उसका दमखम टुकड़ों में दिखा।

हमले की शुरुआत एटीके की ओर से प्रबीर दास ने की। चौथे और सातवें मिनट में दास ने दो हमले किए लेकिन वे नाकाम रहे। इसी तरह विक्टर मोंगिल ने 10वें मिनट में एटीके के लिए एक और प्रयास किया और वह भी नाकाम रहे।

12वें मिनट में एटीके के कृष्णा गोल करने के काफी करीब थे लेकिन हीरिंग्स काई ने स्लाइड करते हुए बाक्स के मध्य से गेंद को क्लीयर कर दिया। 13वें मिनट में हाईलैंडर्स ने एक हमला किया लेकिन एंड्रयू कोह के प्रयास को अगस्टीन इनीग्वेज ने नाकाम कर दिया।

इसके बाद लगभग 25 मिनट तक खेल सुस्त पड़ा रहा। दोनों टीमों की ओर से कोई बड़ा हमला नहीं हुआ लेकिन 39वें मिनट में मैच का सबसे बड़ा पल आया पर कृष्णा के वार को सुभाशीष झेल गए और अपनी टीम को पिछड़ने से बचा लिया।

45वें मिनट में नार्थईस्ट की ओर से मार्टिन चावेस ने निंथोई के क्रास पर हेडर से गोल करने का प्रयास किया लेकिन अरिंदम के हाथ से लगते गेंद दिशाहीन हो गई।

दूसरा हाफ शुरू होने के साथ दोनों नार्थईस्ट ने दो और एटीके ने एक बदलाव किया। 53वें मिनट में एटीके के मोंगिल को पीला कार्ड मिला। 58वें मिनट में एटीके गोल करने के करीब था लेकिन गोललाइन पर मिस्लाव कोर्मोस्की के शानदार टैकल ने उसे निराश कर दिया।

चावेस को गलत तरीके से गिराने पर एटीके के स्टार कृष्णा को 66वें मिनट में पीला कार्ड मिला। इस सीजन में उन्हें पहली बार पीला कार्ड मिला है।

68वें मिनट में मेजबान टीम को एक फ्रीकिक मिला, जिस पर मेहमान टीम के बाक्स के अंदर आपाधापी की स्थिति बनी। प्रीतम कोटाल को इस आपाधापी में गोल करने का बेहतरीन मौका मिला था लेकिन वह चूक गए।

घरेलू टीम 73वें और 79वें मिनट में भी गोल करने का एक करीबी मौका चूक गई। 86वें मिनट में एटीके के गोलकीपर अरिंदम ने एक शानदार बचाव करते हुए हाईलैंडर्स को खाता खोलने से रोका। निर्धारित समय में कोई गोल नहीं होने से इस मैच का गोलरहित बराबरी पर खत्म होने तय था लेकिन 94वें मिनट में लेफ्ट फ्लैंक से लिए गए कार्नर किक पर हेडर के जरिए गोल करते हुए सुपर-सब बलवंत ने अपनी टीम को तीन अंक दिला दिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल