1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. आईएसएल-5: मुम्बई की लगातार तीसरी हार, दूसरे स्थान पर पहुंचे हाईलैंडर्स

आईएसएल-5: मुम्बई की लगातार तीसरी हार, दूसरे स्थान पर पहुंचे हाईलैंडर्स

 Reported By: IANS
 Published : Feb 14, 2019 07:02 am IST,  Updated : Feb 14, 2019 07:02 am IST

हाईलैंडर्स की यह 16 मैचों में सातवीं जीत है। टीम के 27 अंक हो गए हैं और ये एफसी गोवा (25) और मुम्बई से आगे निकलकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। 

आईएसएल-5: मुम्बई की लगातार तीसरी हार, दूसरे स्थान पर पहुंचे हाईलैंडर्स- India TV Hindi
आईएसएल-5: मुम्बई की लगातार तीसरी हार, दूसरे स्थान पर पहुंचे हाईलैंडर्स Image Source : ISL

मुम्बई। रोवलिन बोर्गेस और कप्तान बार्थोलोमेव ओग्बेचे द्वारा पहले हाफ में किए गए एक-एक गोलों की मदद से हाईलैंडर्स नाम से मशहूर नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी ने बुधवार को मुम्बई फुटबाल एरेना में मेजबान मुम्बई सिटी एफसी को 2-0 से हराते हुए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवे सीजन की अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। बोर्गेस ने चौथे मिनट में मैच का पहला गोल किया जबकि ओग्बेचे ने 33वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया।

हाईलैंडर्स की यह 16 मैचों में सातवीं जीत है। टीम के 27 अंक हो गए हैं और ये एफसी गोवा (25) और मुम्बई से आगे निकलकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। नार्थईस्ट ने प्लेऑफ की दौड़ को रोचक बना दिया है।

मुम्बई की इस सीजन में यह पांचवीं हार है। मुम्बई के 16 मैचों से 27 अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर खिसक गई है।

मैच का पहला गोल भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले रोवलिन बोर्गेस ने चौथे मिनट में किया और अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। 

नौवें मिनट में हालांकि मुम्बई ने बराबरी का गोल कर ही दिया था लेकिन किस्मत उसके साथ नहीं थी। रफाएल बास्तोस का शॉट क्रासबार से टकराकर बाहर चला गया। नार्थईस्ट ने 11वें मिनट में एक बड़ा हमला किया लेकिन बोर्गेस के हेडर पर पोस्ट की ओर जाती गेंद को अमरिंदर ने समय रहते रोक दिया। 

इसके बाद दोनों टीमों के बीच गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए जोरदार संघर्ष देखने को मिला। 32वें मिनट तक स्कोर नार्थईस्ट के पक्ष में 1-0 चल रहा था लेकिन 33वें मिनट में गोल करते हुए कप्तान बार्थोलोमेव ओग्बेचे ने उसे 2-0 से आगे कर दिया। 

यह इस सीजन में ओग्बेचे का 12वां गोल है। वह गोवा के फेरान कोरोमिनास को पीछे छोड़ते हुए सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

दूसरे हाफ में मुम्बई ने 55वें और 57वें मिनट में दो अच्छे मूव बनाए लेकिन समय से पहले ही उनका दम निकल गया। 71वें मिनट में अर्नाल्ड इसोको और मोडू सोगू ने मुम्बई के लिए अच्छा मूव बनाया। इसोको के पास पर बॉक्स के अंदर खड़े सोगू ने शॉट लेने का प्रयास किया लेकिन उनके शॉट में दम नहीं था। 

नार्थईस्ट के रिडीम सिंह को 90वें मिनट में अपनी टीम को 3-0 की बढ़त दिलाने का सुनहरा अवसर मिला था लेकिन वह काफी करीब से चूक गए। मुम्बई के डिफेंस को छकाकर वह बॉक्स में पहुंचे थे लेकिन अमरिंदर सिंह को छकाकर गेंद पोस्ट में नहीं डाल सके। गेंद बाहर चली गई।

नार्थईस्ट ने गेंद पर अपना कब्जा बनाए रखा लेकिन मुम्बई ने भी तमाम बदलावों के बीच मौका मिलते ही हमले जारी रखे। लेकिन, किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया और वह इस सीजन की पांचवीं हार को मजबूर हुई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल