1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप: भारत ने इंग्लैंड को 5-3 से हराया

जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप: भारत ने इंग्लैंड को 5-3 से हराया

 Written By: IANS
 Published : Dec 10, 2016 08:58 pm IST,  Updated : Dec 10, 2016 08:58 pm IST

भारतीय हॉकी टीम ने अपना शानदार खेल जारी रखते हुए जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में शनिवार को अपनी लगातार दूसरी दर्ज की है। मेजबान टीम ने यहां के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेले गए पूल-डी के मैच में इंग्लैंड को 5-3 से मात दी।

Photo: facebook.com/TheHockeyIndia- India TV Hindi
Photo: facebook.com/TheHockeyIndia

लखनऊ: भारतीय हॉकी टीम ने अपना शानदार खेल जारी रखते हुए जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में शनिवार को अपनी लगातार दूसरी दर्ज की है। मेजबान टीम ने यहां के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेले गए पूल-डी के मैच में इंग्लैंड को 5-3 से मात दी। इस जीत के बाद भारत अपने पूल में 6 अंकों के साथ टॉप पर बना हुआ है। भारत के लिए परविंदर सिंह, अरमान कुरैशी, हरमनप्रीत सिंह, सिमरनजीत सिंह और वरुण कुमार ने गोल किए। वहीं इंग्लैंड के लिए जैक ली, विल कालनन और एडवर्ड होर्लर ने गोल दागे।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

भारत ने अपने पहले मैच में कनाडा को 4-0 से मात दी थी, जबकि इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 4-2 से मात दी थी। मैच का पहला गोल इंग्लैंड ने किया, लेकिन इसके बाद पूरे मैच में वह भारत के खेल के आगे टिक नहीं सकी। हालांकि मैच के अंतिम मिनटों में भारत के लचीले प्रदर्शन का उसने फायदा उठाया और 2 गोल किए। इंग्लैंड ने मैच की आक्रामक शुरुआत की और पहले ही मिनट में भारतीय खेमे में हमला बोला। लेकिन वह गोल नहीं कर सके। भारत ने भी लय पकड़ने में देर नहीं की और तीसरे मिनट में सुमित ने गोल मारने की कोशिश की लेकिन गेंद पोस्ट से टकरा कर वापस आ गई।

Photo: facebook.com/TheHockeyIndia
Photo: facebook.com/TheHockeyIndia

यहां से मेजबानों ने इंग्लैंड पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था लेकिन 10वें मिनट में जैक ली ने भारतीय रक्षापंक्ति को चकमा देते हुए शानदार फील्ड गोल कर अपनी टीम को एक गोल से आगे कर दिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने बराबरी की कोशिश की और कई हमले किए लेकिन मेहमानों की मजबूत रक्षापंक्ति ने उनसे यह मौके छीन लिए। 

लेकिन भारत की मेहनत 24वें मिनट में सफल हुई जब उसे पेनल्टी कॉर्नर मिला। लेकिन वरुण कुमार का शॉट चूक गया। वह रिवर्स पर भी गोल नहीं कर पाए लेकिन अंतत: परविंदर सिंह ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा कर भारत को बराबरी पर ला दिया। पहले हाफ के अंतिम मिनट में परविंदर ने अरमान को गेंद पास की जिसे गोलपोस्ट के सामने खड़े अरमान ने सिर्फ दिशा देते हुए गोलपोस्ट में डाला।

Photo: facebook.com/TheHockeyIndia
Photo: facebook.com/TheHockeyIndia

इंग्लैंड को भी इसी मिनट में अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला था लेकिन वह गोल नहीं कर सके। भारत हाफ टाइम तक 2-1 से आगे थे। इस हाफ में विकास दहिया की शानदार गोलकीपिंग ने मेहमानों को कई बार बैकफुट पर रखा। दूसरे हाफ में बढ़त के साथ उतरी मेजबान टीम ने इंग्लैंड को दबाव से उबरने का मौका नहीं दिया और दो मिनट बाद ही पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 3-1 कर दिया। हरमनप्रीत ने यह गोल 37वें मिनट में किया। 46वें मिनट में हरमनप्रीत गेंद लेकर आगे बढ़े और सिमरनजीत को गेंद पास की। उन्होंने खाली पड़े गोलपोस्ट में गेंद को डाल स्कोर 4-1 कर दिया। मेजबानों को 60वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। इसे गोल में बदल कर वरुण कुमार ने इस मैच में अपना खाता खोला।

तमाम प्रयासों के बाद इंग्लैंड आखिरकार 63वें मिनट में अपना दूसरा गोल करने में सफल रहा। उसके लिए यह गोल विल कालनन ने किया। इसके 4 मिनट बाद ही उसे पेनल्टी कॉर्नर मिला, एडवर्ड ने इसे गोल में बदल कर उसके लिए तीसरा गोल किया, लेकिन ये दोनों गोल सिर्फ जीत के अंतर को कम कर पाए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल