अहमदाबाद: दक्षिण कोरिया की टीम ने कबड्डी विश्व कप का विजयी आगाज किया है। उसने अपने पहले मैच में शुक्रवार को भारत को रोमांचक मुकाबले में 34-32 से मात दी। अत्याधुनिक स्टेडियम 'द एरिना बाय ट्रांसस्टेडिया' में खेले गए मैच में मेहमान टीम ने अंतिम क्षणों में भारत के मुंह से जीत छीन ली।
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
दोनों टीमों ने मैच की अच्छी शुरुआत की, लेकिन भारत ने धीरे-धीरे दक्षिण कोरिया पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी। पहले हाफ में दोनों टीमें 7-7 से बराबरी पर थीं। भारत ने स्कोर 8-7 किया लेकिन दक्षिण कोरिया ने एक बार फिर 9-9 से बारबरी कर ली।
इसके बाद मेहमान टीम भारत पर हावी नहीं हो पाई। पहले हाफ में भारत ने मेहमानों पर 18-13 से बढ़त ले ली थी। दक्षिण कोरिया ने दूसरे हाफ में पहले हाफ से बेहतर प्रदर्शन किया। उसने आते ही दो अंक अर्जित किए। लेकिन, भारत ने लगातार तीन अंक लेते हुए स्कोर 21-15 कर लिया।
इसके बाद दक्षिण कोरिया ने दमदार वापसी की और स्कोर 26-28 कर लिया। दक्षिण कोरिया ने हार नहीं मानी और भारत को पीछे करते हुए स्कोर 30-29 और फिर 34-32 कर जीत हासिल कर ली।