1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. चाइना ओपन में भारतीय चुनौती खत्म, पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में हारे

चाइना ओपन में भारतीय चुनौती खत्म, पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में हारे

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Nov 09, 2018 03:58 pm IST,  Updated : Nov 09, 2018 03:58 pm IST

पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत की हार के साथ ही चाइना ओपन में भारत की चुनौती खत्म हो गई है।

PV Sindhu, Kidambi Srikanth- India TV Hindi
PV Sindhu, Kidambi Srikanth Image Source : GETTY IMAGES

ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू एक बार फिर स्थानीय खिलाड़ी बिंगजियाओ की चुनौती से पार नहीं पा सकीं और चीन ओपन विश्व टूर सुपर 750 टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में हार कर बाहर हो गईं। पीवी सिंधू के अलावा किदांबी श्रीकांत भी क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सके और वो टीएन चेन से 21-14, 21-14 से हार गए। श्रीकांत को क्वार्टर फाइनल में चेन ने महज 35 मिनट में ही हरा दिया। दोनों खिलाड़ियों की हार के साथ ही चाइना ओपन में भारत की चुनौती खत्म हो गई है।

बिंगजियाओ ने शुक्रवार को तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधू को 17-21, 21-17, 15-21 से हराया। आठवीं वरीयता प्राप्त इस खिलाड़ी की सिंधू पर ये तीसरी जीत है। इससे पहले विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज बिंगजियाओ ने सिंधू को जुलाई में इंडोनेशिया ओपन और अक्टूबर में फ्रांस ओपन में हराया था।

पहले गेम में 8-3 की बढ़त बनाने के बाद सिंधू उसे बरकरार नहीं रख सकीं। बिंगजियाओ ने स्कोर को 9-9 किया जो बाद में 15-15 हो गया। इसके बाद उन्होंने सिंधू को ज्यादा मौके नहीं दिए और 21-17 से गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में स्थिति पहले गेम के उलट रही जहां बिंगजियाओ ने शुरूआत में 4-2 की बढ़त कायम की लेकिन सिंधू ने वापसी करते हुए बढ़त पहले 6-5 और फिर 11-7 करने में कामयाब रहीं। वो इस गेम को 21-17 से जीत कर मैच को तीसरे गेम में ले जाने में सफल रहीं।

निर्णायक गेम में बिंगजियाओ ने ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बना ली। ब्रेक के बाद उन्होंने अपनी बढ़त को और मजबूत कर 15-8 कर लिया। सिंधू ने कुछ हद तक वापसी करते हुए सात अंक जुटा कर स्कोर लाइन को 15-16 किया लेकिन वो लय को बरकरार नहीं रख सकीं और बिंगजियाओ ने इस गेम को 21-15 से जीत कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल