यूरोपियन फुटबॉल चैम्पियनशिप 2016 की शुरुआत शुक्रवार से स्टेड दे फ्रांस में हो रही है। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला ग्रुप-ए में रोमानिया और फ्रांस के बीच खेला जाएगा।
हम यहां आपको बताने जा रहे हैं यूरो कप की 10 ख़ास बातें-
1- यूरो कप 2016 में 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। तमाम मैच देश के 10 शहरों में आयोजित किए जाएंगे।
2- 24 टीमों को छह ग्रुपों में बांटा गया है। इसमें ग्रुप-ए में अल्बानिया, फ्रांस, रोमानिया और स्विट्जरलैंड शामिल हैं। इसके साथ ही ग्रुप-बी में इंग्लैंड, रूस, स्लोवाकिया और वेल्स जैसे देशों की टीमें शामिल हैं। ग्रुप-सी में इस खिताब को तीन बार जीतने वाली जर्मनी की टीम के साथ उत्तरी आयरलैंड, पोलैंड और यूक्रेन हैं। टूर्नामेंट की मौजूदा विजेता स्पेन के साथ ग्रुप-डी में क्रोएशिया, चेक गणराज्य, तुर्की शामिल हैं। वहीं ग्रुप-ई में बेल्जियम, इटली, आयरलैंड और स्वीडन तथा ग्रुप-एफ में ऑस्ट्रिया, हंगरी, आइसलैंड और पुर्तगाल हैं।
3- यूरो 2016 का पहला और फाइनल मैच स्टेड दे फ्रांस में खेला जाएगा। पिछले साल नवम्बर में पेरिस में हुए आतंकवादी हमलों के बाद से टूर्नामेंट की सुरक्षा चिंता का विषय रही है और इसलिए इसमें खेले जाने वाले सभी मैचों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
4- यूरो कप 2016 के आयोजकों का कहना है कि वे पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।
5- यह 15वां यूरो कप है जिसकी शुरुआत 1960 में हुई थी। पैन-यूरोपियन फुटबॉल टूर्नामेंट का आइडिया 1927 में फ्रेंच फुटबॉल फेडरेशन के सेक्रेटरी जनरल हेनरी डेलॉने ने दिया था। डेलॉने की मृत्यु के तीन साल बाद 1958 में इस अमली जामा पहनाया गया और 1960 में पहला टूर्नामेंट आयोजित किया गया।
6- यूरो कप चार टीमों के साथ शुरू किया गया था लेकिन अब इसमें 24 टीमें खेलती हैं। चार से आठ टीमें 1980 में हुईं फिर 1996 में आठ से 16 टीमें हो गईं। यह पहला मौका है जब यूरो कप में 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
7- यूरो कप सबसे ज्यादा बार चैम्पियन बनने का रिकॉर्ड स्पेन और जर्मनी के नाम पर है। दोनों टीमों ने तीन-तीन बार यह खिताब जीता है।
8- यूरो कप की ट्रॉफी का नाम हेनरी डेलॉने है। यह नाम फ्रांस के पूर्व सेक्रेटरी जनरल हेनरी डेलॉने के सम्मान में रखा गया है।
9- स्पेन डिफेंडिंग चैम्पियन है। 1964, 2008 और 2012 के खिताब उसने अपने नाम किए हैं। पिछले लगातार दो टूर्नामेंट स्पेन ने ही जीते हैं।
10- जर्मनी ने 1972, 1980 और 1996 में खिताब जीते हैं। सबसे ज्यादा खिताब के साथ सबसे ज्यादा रनरअप होने का रिकॉर्ड भी जर्मनी के नाम पर है। इसके अलावा सोवियत यूनियन भी तीन बार उप-विजेता रह चुका है। जर्मनी 1976, 1992, 2008 में और सोवियत यूनियन 1964, 1972 और 1988 में उप-विजेता रह चुका है।