1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. राष्ट्रीय रिकार्ड बनाकर ललिता बाबर फाइनल में, फाइनल 15 अगस्त को

राष्ट्रीय रिकार्ड बनाकर ललिता बाबर फाइनल में, फाइनल 15 अगस्त को

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Aug 13, 2016 09:31 pm IST,  Updated : Aug 13, 2016 09:31 pm IST

लंबी दूरी की धाविका ललिता बाबर ने रियो ओलंपिक में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में आज यहां राष्ट्रीय रिकार्ड बनाकर फाइनल के लिए क्वालीफाइ करके भारतीय एथलेटिक्स में नया इतिहास रचा।

 Lalita Babar- India TV Hindi
Lalita Babar

रियो डि जिनेरियो: लंबी दूरी की धाविका ललिता बाबर ने रियो ओलंपिक में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में आज यहां राष्ट्रीय रिकार्ड बनाकर फाइनल के लिए क्वालीफाइ करके भारतीय एथलेटिक्स में नया इतिहास रचा। इंचियोन एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली ललिता हीट दो में नौ मिनट 19. 76 सेकेंड का समय निकालकर चौथे स्थान पर रही। वह ओवरआल सूची में सातवें स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही। वह ट्रैक स्पर्धाओं में पीटी उषा के बाद फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय एथलीट बन गई हैं। इस 27 वर्षीय एथलीट ने सात सेकेंड के अंतर से अपनी साथी सुधा सिंह का राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा जिन्होंने मई में शंघाई में नौ मिनट 26.76 सेकेंड का समय निकाला था।

सुधा हीट तीन में नौ मिनट 43.29 सेकेंड का समय लेकर नौवें स्थान पर रही और इस तरह से क्वालीफाई करने से चूक गयी। वह 52 खिलाडि़यों के बीच कुल 30वें स्थान पर रही। ललिता ने हीट दो में अच्छी शुरूआत की और बीच में गिरने के बावजूद वह आधी रेस तक बढ़त पर थी लेकिन 2500 मीटर के बाद उनकी गति धीमी पड़ गई। कीनिया की बीटराइस चेपकोच, अमेरिका की एम्मा कोबर्न और ट्यूनीशिया की हबीबा घिरीबी उनसे आगे निकल गईं। ललिता काफी थकी हुई लग रही थी और शीर्ष तीन में जगह बनाने में नाकाम रही। प्रत्येक हीट से शीर्ष तीन में जगह बनाने वाली एथलीट स्वत: ही फाइनल में पहुंच जाती हैं लेकिन इसके बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली अगली छह एथलीटों को भी फाइनल में जगह मिलती है। ललिता का समय हीट तीन में शीर्ष तीन पर रही खिलाडि़यों से बेहतर था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल