कोलकाता: भारत के पूर्व युगल खिलाड़ी महेश भूपति ने अपने जोड़ीदार हमवतन लिएंडर पेस के साथ बिताए गए दिनों को याद करते हुए कहा है कि इन दोनों द्वारा भारतीय टेनिस के लिए हासिल की गई सफलताओं को अब कभी दोहराया नहीं जा सकेगा। भारत की डेविस कप टीम के नान प्लेइंग कप्तान भूपति ने एक किताब के विमोचन कार्यक्रम से इतर कहा, ‘विवाद को एक तरफ रख देते हैं। हमने 1996 से 2002 के बीच एक टीम के रूप में जो कुछ हासिल किया, उसे भारतीय टेनिस में दोहराया नहीं जा सकता।’
उन्होंने कहा, ‘दो युवा खिलाड़ियों का 100वें स्थान से नंबर एक पर आना बेहद शानदार था। कई कारणों से हमारे बीच बात नहीं बनी। हमने कई बार कोशिश की। आप हमें कोशिश न करने का दोषी नहीं मान सकते। हमने अपना सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश की क्योंकि हम जानते थे कि हमारा रिश्ता सिर्फ हमारे लिए ही नहीं बल्कि देश के लिए भी काफी जरूरी है।’ पेस और भूपति की जोड़ी ने मिलकर 25 एटीपी युगल खिताब जीते हैं जिसमें 3 ग्रैंड स्लैम शामिल हैं। डेविस कप में दोनों के नाम लगातार 23 युगल मुकाबले जीतने का रिकॉर्ड है। हाल ही में इन दोनों खिलाड़ियों ने अपने विवाद को सार्वजनिक कर दिया था। डेविस टीम का कप्तान बनने के बाद भूपति ने पेस को उज्बेकिस्तान के खिलाफ खेले गए डेविस कप मुकाबले में टीम में नहीं चुना था।
भारत को कनाडा के खिलाफ अपना अगला डेविस कप मुकाबला 15 से 17 सितंबर के बीच खेलना है। भूपति से जब पेस के चयन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘हम इस पर विचार करेंगे। कनाडा के खिलाफ सितम्बर में हमारे लिए मुश्किल मुकाबला है। हमारे पास वर्ल्ड ग्रुप में जाने का मौका है।’ भारतीय टेनिस पर भूपति ने कहा, ‘हम सही दिशा में जा रहे हैं। हमारे कई खिलाड़ी इस समय 200 से 300 की रैंकिंग के बीच में हैं। इस समय भारतीय टेनिस अपने शीर्ष पर है। उम्मीद है कि इनमें से कोई खिलाड़ी बदलाव लाएगा और शीर्ष 100 में जगह बनाएगा।’