1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारत की हॉकी विश्व कप टीम में नहीं चुने गये रूपिंदर पाल सिंह और एस वी सुनील

भारत की हॉकी विश्व कप टीम में नहीं चुने गये रूपिंदर पाल सिंह और एस वी सुनील

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 08, 2018 06:11 pm IST,  Updated : Nov 08, 2018 06:11 pm IST

मनप्रीत सिंह 28 नवंबर से भुवनेश्वर में शुरू होने वाले एफआईएच विश्व कप के लिये भारत की 18 सदस्यीय दल की अगुवाई करेंगे।

रुपिंदर पाल सिंह- India TV Hindi
रुपिंदर पाल सिंह Image Source : GETTY IMAGES

नयी दिल्ली: मनप्रीत सिंह 28 नवंबर से भुवनेश्वर में शुरू होने वाले एफआईएच विश्व कप के लिये भारत की 18 सदस्यीय दल की अगुवाई करेंगे लेकिन गुरूवार को घोषित हाकी टीम में अनुभवी रूपिंदर पाल सिंह और एस वी सुनील शामिल नहीं हैं। अनुभवी स्ट्राइकर सुनील के खेलने पर तब से ही संशय लग गया था जब वह राष्ट्रीय शिविर के दौरान घुटने में चोट लगा बैठे थे जो पिछले महीने मस्कट में एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले लगा था। 

रूपिंदर पाल की फिर अनदेखी की गयी थी जिन्हें पिछले महीने महाद्वीप की प्रतियोगिता में नहीं चुना गया था। सुनील उस टूर्नामेंट में नहीं खेले थे जिसमें भारत को पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता घोषित किया गया था जब बारिश ने आखिरी दिन बाधा डाली थी। हॉकी इंडिया के बयान के अनुसार भारतीय टीम शुरूआती दिन दक्षिण अफ्रीका से खेलेगी। टीम में पीआर श्रीजेश और कृष्ण बहादुर पाठक गोलकीपर हैं। उप कप्तान चिंगलेनसाना सिंह कांगुजम होंगे। 

ओडिशा के अनुभवी डिफेंडर बीरेंद्र लकड़ा रिहैबिलिटेशन के कारण मस्कट में टूर्नामेंट में नहीं खेल पाये थे, वह वापसी करेंगे। उनके साथ अमित रोहिदास, सुरेंद्र कुमार, कोथाजीत सिंह, 2016 जूनियर विश्व कप विजेता हरमनप्रीत सिंह और वरूण कुमार भारतीय डिफेंस की जिम्मेदारी संभालेंगे जिसमें से तीन ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ हैं। 

मिडफील्ड में मनप्रीत शामिल हैं जिन्होंने एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में गत चैम्पियन के तौर पर भारतीय अभियान में अहम भूमिका अदा की थी। 

युवा खिलाड़ी सुमित, निलकांत शर्मा और हार्दिक सिंह के साथ चिंगलेनसाना की मौजूदगी से अनुभव आयेगा। फॉरवर्ड में अनुभवी आकाशदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, ललित उपाध्याय और जूनियर विश्व कप विजेता मंदीप सिंह, सिमरनजीत सिंह शामिल हैं। भारत को पूल सी में दुनिया की तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम, कनाडा और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिये उन्हें पूल में टॉप पर रहना होगा। 

मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा,‘‘हमने विश्व कप के लिये बेहतरीन उपलब्ध संयोजन चुना है। हमें 34 खिलाड़ियों के पूल में से 18 को चुनने का कड़ा फैसला करना होगा।’’ 

34 खिलाड़ियों का कोर ग्रुप 23 नवंबर तक भुवनेश्वर में ट्रेनिंग करता रहेगा। 

टीम इस प्रकार है: 
गोलकीपर: पीआर श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक 
डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह, बीरेंद्र लकड़ा, वरूण कुमार, कोथाजीत सिंह खादांगबम, सुरेंद्र कुमार, अमित रोहिदास 
मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह (कप्तान), चिंगलेनसाना सिंह खांगजुम (उप कप्तान), निलकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, सुमित 
फॉरवर्ड: आकाशदीप सिंह, मंदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, सिमरनजीत सिंह।                    

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल