1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एटीपी फाइनल्स : मेदवेदेव ने श्वार्ट्जमैन को हरा सेमीफाइनल में बनाई जगह

एटीपी फाइनल्स : मेदवेदेव ने श्वार्ट्जमैन को हरा सेमीफाइनल में बनाई जगह

 Reported By: IANS
 Published : Nov 21, 2020 02:04 pm IST,  Updated : Nov 21, 2020 02:04 pm IST

रूस के टेनिस खिलाड़ी डेनिल मेदवेदेव ने अर्जेंटीना के डिएगो श्वार्ट्जमैन को सीधे सेटों में मात दे एटीपी फाइनल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

एटीपी फाइनल्स :...- India TV Hindi
एटीपी फाइनल्स : मेदवेदेव ने श्वार्ट्जमैन को हरा सेमीफाइनल में बनाई जगह Image Source : PTI

रूस के टेनिस खिलाड़ी डेनिल मेदवेदेव ने अर्जेंटीना के डिएगो श्वार्ट्जमैन को सीधे सेटों में मात दे एटीपी फाइनल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मेदवेदेव ने श्वार्ट्जमैन को 6-3, 6-3 से मात दी। इस जीत के बाद मेदवेदेव ने ग्रुप टोक्यो 1970 का अंत 3-0 से किया। पिछले साल वह इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं जीत पाए थे। अब सेमीफाइनल में उनका सामना स्पेन के राफेल नडाल से होगा।

मैच के बाद मेदवेदेव ने कहा, "मैं अपने पहले दो मैचों में शानदार खेला। मुझे लगता है कि अजेय रहना आत्मविश्वास के लिए अच्छा है। मैं मैच जीतना चाहता था, इसलिए मैं इस बात से खुश हूं कि मैंने यह किया। मैंने आज सर्विस अच्छी की इससे मैं पूरे मैच में अच्छा कर सका।"

मेदवेदेव के खिलाफ नडाल का रिकार्ड 3-0 का है। मेदवेदेव ने नडाल के साथ खेले जाने वाले मैच को लेकर कहा, "मैं बिग थ्री के साथ खेलना पसंद करता हूं। मैं जब युवा था, रैकेट पकड़ना शुरू किया था, और टेनिस में मेरी दिलचस्पी बढ़ रही थी.. मैंने ग्रैंड स्लैम देखना शुरू किया। पहले रोजर सब कुछ जीतते थे, फि राफा आए जिन्होंने अपना नाम बनाया और फिर जोकोविच। इन तीनों के खिलाफ खेलना अच्छा लगता है।"

मेदवेदेव 2009 के बाद पहले ऐसे रूसी खिलाड़ी हैं जो लगातार दो साल एटीपी फाइनल्स खेल रहे हैं। उनसे पहले निकोलाए डावीडेंको ने (2005-09) लगातार एटीपी फाइनल्स खेले थे। वह अभी तक एक भी सेट नहीं हारे हैं। ग्रुप दौर में वह इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जो एक भी मैच नहीं हारे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल