1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. आईलीग के बाकी मैच रद्द होने के साथ ही मोहन बागान बना चैंपियन

आईलीग के बाकी मैच रद्द होने के साथ ही मोहन बागान बना चैंपियन

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 21, 2020 03:24 pm IST,  Updated : Apr 21, 2020 03:24 pm IST

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के कार्यकारी पैनल ने मंगलवार को अपनी लीग समिति की सिफारिशों को स्वीकृति दे दी जिससे शीर्ष पर चल रहे मोहन बागान को चैम्पियन घोषित कर दिया गया।

आईलीग के बाकी मैच रद्द...- India TV Hindi
आईलीग के बाकी मैच रद्द होने के साथ ही मोहन बागान बना चैंपियन Image Source : TWITTER/INDIANFOOTBALL

नई दिल्ली। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के कार्यकारी पैनल ने मंगलवार को अपनी लीग समिति की सिफारिशों को स्वीकृति दे दी जिसमें कोरोना वायरस के कारण देश भर में लाकडाउन को देखते हुए आईलीग के बाकी बचे 28 मैचों को रद्द करने और शीर्ष पर चल रहे मोहन बागान को चैम्पियन घोषित करने की सिफारिश की गई थी।

एआईएफएफ ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘कार्यकारी समिति लीग समिति की सिफारिशों से सहमत है कि ये अप्रत्याशित हालात हैं और एआईएफएफ तथा सभी हितधारकों को प्राथमिकता के आधार पर खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब भी कुछ स्पष्ट नहीं है कि देश भर में कब फुटबाल सहित अन्य खेल गतिविधियां दोबारा शुरू होंगी।’’ लीग समिति ने शनिवार को अपनी सिफारिशें कार्यकारी समिति के समक्ष रखी थीं। समिति के फैसलों के अनुसार 2019-20 सत्र संपन्न माना जाएगा और मोहन बागान को 2019-20 सत्र का विजेता घोषित किया गया।

लीग की बाकी बची इनामी राशि (चैंपियन की इनामी राशि को छोड़कर) बाकी बचे 10 प्रतिस्पर्धी क्लबों के बीच समान अनुपात में बांटी जाएगी। हालांकि कोई टीम निचली लीग में नहीं खेलेगी और ना ही लीग सत्र के लिए कोई व्यक्तिगत इनामी राशि दी जाएगी। साथ ही मौजूदा सत्र की सभी युवा लीग समाप्त मानी जाएंगी और 2020-21 सत्र में नई लीग होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल