1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Paralympics: राष्ट्रपति कोविंद से लेकर PM मोदी तक ने खिलाड़ियों को बधाई दी

Paralympics: राष्ट्रपति कोविंद से लेकर PM मोदी तक ने खिलाड़ियों को बधाई दी

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 30, 2021 04:45 pm IST,  Updated : Aug 30, 2021 04:45 pm IST

सुंदर सिंह गुर्जर भालाफेंक एफ46 स्पर्धा के फाइनल में झाझरिया के पीछे तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक जीता। भारत के पदकों की संख्या अब सात हो गयी है जिसमें एक स्वर्ण पदक (निशानेबाजी) शामिल है।

Paralympics: president, prime minister congratulated para...- India TV Hindi
Paralympics: president, prime minister congratulated para athletes for their performances Image Source : TWITTER HANDLE/SAI MEDIA

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को टोक्यो पैरालंपिक में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी जिन्होंने पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। दो बार के स्वर्ण पदक विजेता भालाफेंक एथलीट देवेंद्र झाझरिया ने भालाफेंक के एफ46 वर्ग में रजत पदक जीता जबकि चक्का फेंक एथलीट योगेश कथूनिया ने अपनी स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया जिससे भारत ने खेलों में अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। सुंदर सिंह गुर्जर भालाफेंक एफ46 स्पर्धा के फाइनल में झाझरिया के पीछे तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक जीता। भारत के पदकों की संख्या अब सात हो गयी है जिसमें एक स्वर्ण पदक (निशानेबाजी) शामिल है।

देश ने 2016 रियो ओलंपिक में चार पदक जीते थे। निशानेबाज अवनि लेखरा ने 10 मीटर एयर राइफल के क्लास एसएच1 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। उन्होंने फाइनल में 249.6 अंक बनाकर विश्व रिकार्ड की बराबरी की और पहला स्थान हासिल किया।

अवनि पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। यह भारत का इन खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता में भी पहला पदक है। टोक्यो पैरालंपिक में भी यह देश का पहला स्वर्ण पदक है। पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाली वह तीसरी भारतीय महिला हैं।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, "हमारे पैरालंपिक खिलाड़ियों के देश के लिये और पदक जीतने पर खुशी हुई। योगेश कथूनिया ने चक्का फेंक में रजत पदक जीता, देवेंद्र झाझरिया और सुंदर सिंह गुर्जर ने भालाफेंक में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। आपको बधाई। हर भारतीय आपकी सफलता का जश्न बना रहा है।"

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, "भारत की एक और बेटी ने हमें गर्व करने का मौका दिया है। इतिहास रचने और पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने पर अवनि लेखरा को बधाई। आपके उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत खुश है। आपकी शानदार उपलब्धि से पोडियम पर हमारा तिरंगा लहराया।"

प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल नेटवर्किंग साइट पर पैरा खिलाड़ियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, "देवेंद्र झाझरिया का शानदार प्रदर्शन। हमारे सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक झाझरिया ने रजत पदक जीता है। वह भारत को लगातार गौरवान्वित करते रहे हैं। उन्हें बधाई और भविष्य के लिये ढेर सारी शुभकामनाएं।"

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने गुर्जर को बधाई देते हुए कहा, "सुंदर सिंह गुर्जर के कांस्य जीतने पर भारत हर्षित है। उन्होंने शानदार साहस और समर्पण दर्शाया है। उन्हें बधाइयां और भविष्य को लेकर शुभकामनाएं।"

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "अविस्मरणीय प्रदर्शन अवनि लेखरा! कड़ी मेहनत की बदौलत स्वर्ण जीतने पर बधाई जिसकी आप हकदार भी थी। कर्मशील स्वभाव और निशानेबाजी के प्रति जज्बे से आपने ऐसा संभव कर दिखाया। भारतीय खेलों के लिए यह एक विशेष क्षण है। आपको भविष्य के लिये शुभकामनाएं।"

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, "योगेश कथूनिया का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। उनके रजत पदक जीतने से बेहद खुशी हुई है। उनकी शानदार सफलता उभरते खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। उन्हें बधाई। भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।"

उपराष्ट्रपति एम वेंकेया नायडू ने भी पैरा खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, "भारतीय खिलाड़ियों ने टोक्यो पैरालंपिक में पुरूषों की भालाफेंक स्पर्धा (एफ46) में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। देवेंद्र झाझरिया ने रजत और सुरंद सिंह गुर्जर ने कांस्य पदक जीता। देश को आपकी सफलताओं पर गर्व है। भविष्य के लिये शुभकामनायें।"

उन्होंने ट्वीट किया, "अवनि लेखरा को महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक और योगेश कथूनिया को पुरूषों की चक्का फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतने के लिये बधाई हो। देश को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है। मैं आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।"

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पैरा निशानेबाज अवनि लेखरा को बधाई देते हुए ट्वीट किया, "शानदार अवनि ने पहले स्थान का पदक जीता। ऐतिहासिक उपलब्धि, वह ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गयी हैं।"

Paralympics: विनोद कुमार के कांस्य पदक को किया गया कैंसल, जानिए वजह

उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, "आपने 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिग एसएच1 फाइनल में 249.6 अंक के स्कोर से पैरालंपिक रिकार्ड बनाया और साथ ही विश्व रिकार्ड की बराबरी की।" कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पैरा खिलाड़ियों के टोक्यो में अब तक के शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल