रियो ओलंपिक में पदक जीतकर इतिहास रचने वाली महिला पहलवान साक्षी मलिक के शहर रोहतक में जश्न का माहौल है। साक्षी के मैडल पहनते ही उनके परिवार के लोग खुशी से झूम उठे और उनके मां-बाप तो मानो फूले ही नहीं समा रहे हैं।
साक्षी के पिता ने कहा देश के लिए साक्षी का पहले मैडल जीतते ही मेरी आंखों में खुशी के आंसू आ गए। ये हम सभी के लिए बड़ा दिन है।

साक्षी के पिता DTC में काम करते हैं जबकि उनकी मां सुदेश मलिक सरकारी नौकरी करती हैं।
रोहतक में आतिशबाज़ी ने किया रात को दिन

हरियाणा के शहर रोहतक में जैसे ही साक्षी के अभूतपूर्व कारनामे की ख़बर फ़ैली, चारों तरफ दिवाली मनने लगी। लोगों ने यहां जमकर पटाखे चलाए और मिठाइयां बांटी। आतिशबाज़ी से न सिर्फ पूरा रोहतक ''दिवालीमय'' हो गया बल्कि रात दिन में तब्दील हो गई।
23 साल की साक्षी ने किर्गिस्तान की अइसुलू टाइबेकोवा को 58 किलोग्राम वर्ग में पराजित किया। कोरिओका एरेना-2 मे हुए इस मुकाबले मे एक समय साक्षी 0-5 से पीछे थीं लेकिन दूसरे राउंड में उन्होंने उलट-पलट करते हुए इसे 8-5 से जीत लिया।
सोशल मीडिया पर बधईयों का तांता
इस बीच सोशल मीडिया में साक्षी को बधाईयां दी जा रही हैं। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने ट्वीट किया: रियो ओलंपिक की महिला कुश्ती स्पर्धा में पदक जीतने और देश का गौरव बढ़ाने के लिए साक्षी मलिक को हार्दक बधाई!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, 'साक्षी मलिक ने इतिहास रच दिया। पूरा देश खुश है। रक्षाबंधन के दिन भारत की बेटी साक्षी ने पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। हमें साक्षी पर गर्व है।'

फिल्म निर्माता निर्देशक करन जोहर ने ट्वीट किया: उपलब्धि की मासूम मुस्कान और हमारी मुस्कान...बsहद गर्व की बात है.....साक्षी भविष्य की आशा है....

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने लिखा: भ्रूण हत्या न करने से क्या हो सकता है, साक्षी उसका साक्ष हैं। जब मुसीबत पड़ती है तो हमारी लड़कियां ही हमारे गौरव की रक्षा करती हैं।
