1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रियो ओलम्पिक (कुश्ती): साक्षी ने खोला भारत का खाता, जीता कांस्य

रियो ओलम्पिक (कुश्ती): साक्षी ने खोला भारत का खाता, जीता कांस्य

 Written By: Agencies
 Published : Aug 18, 2016 06:43 am IST,  Updated : Aug 18, 2016 08:53 am IST

रियो डी जनेरियो: फ्रीस्टाइल महिला पहलवान साक्षी मलिक ने बुधवार को रियो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतकर भारत के पदक के इंतजार को खत्म किया। 23 साल की साक्षी ने कजाकिस्तान की अइसुलू टाइबेकोवा को

Sakshi Malik- India TV Hindi
Sakshi Malik

रियो डी जनेरियो: फ्रीस्टाइल महिला पहलवान साक्षी मलिक ने बुधवार को रियो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतकर भारत के पदक के इंतजार को खत्म किया। 23 साल की साक्षी ने कजाकिस्तान की अइसुलू टाइबेकोवा को 58 किलोग्राम वर्ग में पराजित किया।

कोरिओका एरेना-2 मे हुए इस मुकाबले मे एक समय साक्षी 0-5 से पीछे थीं लेकिन दूसरे राउंड में उन्होंने उलट-पलट करते हुए इसे 8-5 से जीत लिया।  रेपचेज राउंड-2 में साक्षी ने मंगोलिया की पुरेवदोर्ज ओरखोन को 12-3 के अंतर से मात दी थी। इस मैच में साक्षी पूरी तरह से हावी रहीं।

इसके पहले साक्षी को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रूस की वलेरिया कोबलोवा ने 2-9 के अंतर से हराया था लेकिन रूसी खिलाड़ी फाइनल में पहुंचने में कामयाब रहीं। इससे साक्षी को रेपचेज मुकाबला खेलने का मौका मिला।

ओलंपिक में भारत के लिए साक्षी से पहले कभी किसी महिला पहलवान ने पदक नहीं जीता था। साक्षी के पहले भारत की ओर से ओलंपिक में सिर्फ तीन महिला खिलाड़ी कर्णम मल्लेश्वरी, मैरी कॉम और साइना नेहवाल ही पदक जीत सकी थीं।

साल 2015 में हुए एशियन चैम्पियनशिप में पोडियम फिनिश करने वाली साक्षी ओलम्पिक में कुश्ती में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।

इस स्पर्धा का स्वर्ण जापान की कोओरी इको ने जीता जबकि रूस की वालेरिया काबलोवा ने रजत हासिल किया। काबलोवा ने ही क्वार्टर फाइनल में साक्षी को हराया था।

आठ बार की अफ्रीकन चैम्पियन ट्यूनिशिया का मारवा अमरी ने इस स्पर्धा का दूसरा कांस्य जीता।

साक्षी ने ऐसे दिन पदक जीता है, जब भारत को 48 किलोग्राम वर्ग में विनेश फोगाट के असमय मुकाबले से हटने का दर्द झेलना पड़ा था। विनेश चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गईं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल