1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ओलंपिक में 36 साल बाद सेमीफाइनल में पहुंचने उतरेगा भारत

ओलंपिक में 36 साल बाद सेमीफाइनल में पहुंचने उतरेगा भारत

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 13, 2016 04:56 pm IST,  Updated : Aug 13, 2016 04:56 pm IST

ओलंपिक में पिछले 36 वर्षों में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से एक जीत दूर भारतीय पुरूष हाकी टीम रियो खेलों में कल यहां मजबूत बेल्जियम के खिलाफ होने वाले क्वार्टर फाइनल में अपनी गलतियों को दूर करके वर्षों बाद नया मुकाम हासिल करने के लिये उतरेगी।

hockey- India TV Hindi
hockey

रियो डि जिनेरियो: ओलंपिक में पिछले 36 वर्षों में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से एक जीत दूर भारतीय पुरूष हाकी टीम रियो खेलों में कल यहां मजबूत बेल्जियम के खिलाफ होने वाले क्वार्टर फाइनल में अपनी गलतियों को दूर करके वर्षों बाद नया मुकाम हासिल करने के लिये उतरेगी। भारत पहले ही ओलंपिक के नाकआउट में पहुंचकर एक उपलब्धि हासिल कर चुका है और अब कल पी आर श्रीजेश की अगुवाई वाली टीम ओलंपिक पदक की अपनी उम्मीदों को पंख लगाने के लिये कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

भारत ने पूल बी में दो जीत, दो हार और एक ड्रा से सात अंक के साथ चौथे स्थान पर रहकर अंतिम आठ में जगह बनायी। लीग चरण में भारत ने आयरलैंड (3-2) और अर्जेंटीना (2-1) को हराया लेकिन मौजूदा ओलंपिक चैंपियन जर्मनी (1-2)  और रजत पदक विजेता नीदरलैंड (1-2) से उसे हार झेलनी पड़ी। कनाडा जैसी कमजोर टीम के खिलाफ उसने मैच 2-2 से ड्रा खेला।

दूसरी तरफ से बेल्जियम पूल ए में पांच मैचों में चार जीत से शीर्ष पर रहा। उसे केवल अंतिम लीग मैच में न्यूजीलैंड (1-3) से हार का सामना करना पड़ा। विश्व रैंकिंग पर गौर करें तो इन दोनों टीमों में कोई खास अंतर नहीं है। भारत जहां पांचवें स्थान पर है वहीं बेल्जियम उससे एक पायदान नीचे छठे स्थान पर है। लेकिन ओलंपिक में बेल्जियम ने अभी तक शानदार फार्म दिखायी है और उसने पूल चरण में स्वर्ण पदक के दावेदार और विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया को भी हराया। इसके अलावा बेल्जियम ने स्पेन, ग्रेट ब्रिटेन और ब्राजील को पराजित किया।

दूसरी तरफ भारत का अभियान उतार चढाव वाला रहा है। उसने हालांकि अपने पहले चार मैचों में आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया लेकिन अंतिम क्षणों में छोटी छोटी गलतियों का उसे खामियाजा भी भुगतना पड़ा। जर्मनी के खिलाफ भारत ने अंतिम हूटर बजने से केवल तीन सेकेंड पहले गोल गंवाया जबकि नीदरलैंड के खिलाफ भी उसने चौथे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में पेनल्टी कार्नर गंवाया और डच टीम ने इसका फायदा उठाने में कोई गलती नहीं की।

इन हार के बावजूद भारत का शीर्ष टीमों के खिलाफ प्रदर्शन उत्साहजनक रहा है लेकिन कनाडा के खिलाफ आखिरी मैच में उन्होंने लचर खेल दिखाया। भारत को इस मैच में जीत का दावेदार माना जा रहा था लेकिन विश्व में 15वें नंबर के कनाडा ने उसे जीत का मौका नहीं दिया और भारतीय टीम को अंक बांटने पड़े।

इस मैच में भी भारतीयों ने कुछ बेवजह की गलतियां की जिससे वह दो बार बढ़त हासिल करने के बावजूद पूरे अंक हासिल नहीं कर पाया। यदि भारत को कल बेल्जियम हराना है तो उसे इन गलतियों से बचना होगा क्योंकि रेड लायन्स ऐसी किसी भी गलती का पूरा फायदा उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल