1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ओरलीन्स मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची साइना जबकि श्रीकांत हारे

ओरलीन्स मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची साइना जबकि श्रीकांत हारे

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 27, 2021 06:41 am IST,  Updated : Mar 27, 2021 06:41 am IST

साइना नेहवाल ने अमेरिका की इरीस वांग को तीन गेम तक चले रोमांचक मैच में हराकर ओरलीन्स मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

Saina Nehwal- India TV Hindi
Saina Nehwal Image Source : GETTY

पेरिस| भारतीय स्टार साइना नेहवाल ने अमेरिका की इरीस वांग को तीन गेम तक चले रोमांचक मैच में हराकर शुक्रवार को यहां ओरलीन्स मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया, लेकिन किदाम्बी श्रीकांत को पुरुष एकल में हार का सामना करना पड़ा। यह विश्व में 20वें नंबर की साइना का पिछले दो वर्षों में पहला सेमीफाइनल होगा। 

इससे उनके रैंकिंग अंकों में बढ़ोतरी होगी जिनकी उन्हें तोक्यो ओलंपिक खेलों में जगह बनाने के लिये सख्त जरूरत है। इससे पहले वह आखिरी बार जनवरी 2019 में इंडोनेशिया मास्टर्स के सेमीफाइनल में खेली थी और तब वह विजेता बनी थी। 

चोट के कारण पिछले सप्ताह ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से हटने वाली चौथी वरीयता प्राप्त साइना ने विश्व में 36वीं नंबर की वांग को 21-19, 17-21, 21-19 से हराया। उनका अगला मुकाबला डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफरसेन से होगा जिन्होंने भारत की इरा शर्मा को आसानी से 21-11, 21-8 से शिकस्त दी। 

विश्व के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत को हालांकि पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से 19-21, 17-21 से हार झेलनी पड़ी। अश्विन पोनप्पा ने युगल में दोहरी सफलता हासिल की। उनकी और एन सिक्की रेड्डी की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने इंग्लैंड की चोले बिर्च और लॉरेन स्मिथ की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 21-14, 21-18 से हराकर महिला युगल के सेमीफाइनल में जगह बनायी। 

उनका सामना अब थाईलैंड की जोंगकोलफान किततिहाराकुल और रविंडा प्राजोंगजाइ से होगा। अश्विनी ने इसके बाद ध्रुव कपिला के साथ मिलकर मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड के मैक्स फ्लिन और जेसिका पुग को 21-13, 21-18 से हराया। 

ये भी पढ़े - IND vs ENG : बेन स्टोक्स को नॉटआउट देने पर हो रही है थर्ड अंपायर की आलोचना, युवराज सिंह ने भी कही ये बात 

उनका सामना अब निकलास नोहर और एमेली मेगलुंड से होगा। पुरुष युगल में कृष्ण प्रसाद गारगा और विष्णु वर्धन गौड़ पंजाला ने फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव को 21-17, 10-21, 22-20 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 

ये भी पढ़े -IND v ENG, 2nd ODI : जॉनी बेयरस्टो ने धमाकेदार अंदाज में जड़ा वनडे करियर का 11वां शतक 

अब उन्हें इंग्लैंड के कैलम हेमिंग और स्टीवन स्टॉलवुड का सामना करना है। इंग्लैंड की जोड़ी ने भारत के एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को 21-19, 18-21, 23-21 से हराया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल