1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. पुलेला गोपीचंद की अकादमी में फिर से लौटीं साइना, कही यह बात

पुलेला गोपीचंद की अकादमी में फिर से लौटीं साइना, कही यह बात

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 04, 2017 05:28 pm IST,  Updated : Sep 04, 2017 05:28 pm IST

लंदन ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट शटलर साइना नेहवाल ने अपने भविष्य के लक्ष्यों को हासिल करने के उद्देश्य से पूर्व कोच पुलेला गोपीचंद की अकादमी में ट्रेनिंग करने का फैसला किया है...

Saina Nehwal | AP Photo- India TV Hindi
Saina Nehwal | AP Photo

नई दिल्ली: लंदन ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट शटलर साइना नेहवाल ने अपने भविष्य के लक्ष्यों को हासिल करने के उद्देश्य से पूर्व कोच पुलेला गोपीचंद की अकादमी में ट्रेनिंग करने का फैसला किया है। साइना ने सोमवार को अपने ट्विटर हैंडल पर इसकी घोषणा की। साइना ने कहा, ‘कुछ समय से मैं अपना ट्रेनिंग बेस गोपीचंद अकादमी में बनाने के बारे में सोच रही हूं और मैंने इसके बारे में गोपी सर से भी चर्चा की और मैं शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने दोबारा से मेरी मदद करने पर सहमति जता दी है। अपने करियर के इस चरण में, मुझे लगता है कि वह मेरे लक्ष्यों को हासिल करने में मेरी मदद कर सकते हैं।’

27 वर्षीय चैम्पियन शटलर ने इंचियोन 2014 एशियाई खेलों से पहले राष्ट्रीय कोच गोपीचंद से अलग होने और बेंगलुरु में विमल कुमार के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग करने का फैसला किया था। साइना ने लिखा, ‘मैं विमल सर की भी बहुत शुक्रगुजार हूं कि जिन्होंने पिछले 3 वर्षों में मेरी मदद की। उन्होंने मुझे विश्व की नंबर एक रैंकिंग में पहुंचने में सहायता की और साथ ही विश्व चैम्पियनशिप में 2 पदक, 2015 में सिल्वर और 2017 में ब्रॉन्ज दिलाने तथा कई सुपर सीरीज खिलाब हासिल करने में मदद की।’ 

अपने गृहनगर हैदराबाद में वापसी से खुश साइना ने अपने दोस्तों से खुद का समर्थन जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘गृहनगर हैदराबाद में ट्रेनिंग करने को लेकर मैं बहुत खुश हूं, मेरा समर्थन करते रहना दोस्तों।’ साइना डेनमार्क में 2014 विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप के क्वॉर्टरफाइनल में हारने के बाद गोपीचंद से अलग हो गई थीं जो पहली बार हुआ था। वर्ष 2011 में साइना ने भास्कर बाबू के साथ ट्रेनिंग शुरू की थी लेकिन अपने फैसले पर पछताते हुए 3 महीने के अंदर गोपीचंद अकादमी में लौट गई थीं। वर्ष 2012 में उन्होंने गोपीचंद के मार्गदर्शन में लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल