इपोह: भारतीय हॉकी टीम ने शनिवार को सुल्तान अजलन शाह कप के तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में शनिवार को न्यूजीलैंड को 4-0 से करारी मात दी। इसी के साथ भारतीय टीम ने 26वें सुल्तान अजलन शाह कप का ब्रॉन्ज मेडल अपनी झोली में डाल लिया।
भारत के लिए डिफेंडर रुपिंदर पाल सिंह ने 17वें और 27वें मिनट में 2 गोल किए। रुपिंदर ने ये दोनों ही गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर न्यूजीलैंड के गोलकीपर रिचर्ड जोयसे को छकाते हुए दागे। एसवी सुनील ने 48वें मिनट में टूर्नामेंट का अपना पहला जबकि इस मैच में भारत की तरफ से तीसरा गोल दागा। वहीं, तलविंदर सिंह ने अंतिम मिनट में भारत के लिये चौथा गोल किया। इससे पहले मलेशिया ने प्ले ऑफ में जापान को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट की तालिका में पांचवां स्थान हासिल किया।
भारतीय टीम ने पिछले साल इस हॉकी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के पीछे रहते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया था। भारत हालांकि शुक्रवार को अंतिम लीग मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ इतना प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर सका था, लेकिन शनिवार को टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार नजर आया। इस टूर्नामेंट के फाइनल मैच में ब्रिटेन ने गत चैम्पियन आस्ट्रेलिया पर 4-3 से जीत दर्ज कर 23 साल के बाद खिताब अपने नाम किया।